संचारी रोग नियंत्रण: 31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान, 12 अक्टूबर से घर-घर दस्तक देगा स्वास्थ्य विभाग
हरदोई में 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण के लिए घर-घर दस्तक अभियान चलेगा, जिसमें 9 संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक घर-घर दस्तक अभियान चलेगा।
नौ संवेदनशील क्षेत्रों में सघन नियंत्रण अभियान पर विशेष जोर।
आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता करेंगी स्वास्थ्य सर्वेक्षण, आभा आईडी सृजन।
जागरण संवाददाता, हरदोई। संचारी रोगों और दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का तृतीय चरण संचालित किया जा रहा है। इसके साथ ही 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक घर-घर दस्तक अभियान चलाया जाएगा। अभियान को लेकर ग्राम स्तर पर ग्राम प्रधान नोडल होंगे, इस दौरान सफाई और पेयजल पर विशेष जोर दिया जाएगा।
जिला पंचायत राज अधिकारी के द्वारा ग्राम प्रधानों को दिए गए निर्देशों में बताया गया कि ग्राम निगरानी समितियों के जरिए बुखार, वेक्टर जनित तथा जल जनित बीमारियों को लेकर लगातार जन-जागरूकता फैलाई जाएगी। अशुद्ध जल के उपयोग को रोकने के लिए उथले हैंडपंपों को लाल रंग से चिन्हित किया जाएगा और खराब इंडिया मार्क-2 हैंडपंपों की मरम्मत कराकर पक्का चबूतरा बनाया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा फंड के माध्यम से एंटी-लार्वा का छिड़काव, नालियों व जलाशयों की नियमित सफाई, गड्ढों का भराव और झाड़ियों की कटाई सुनिश्चित की जाएगी। जिले के नौ चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया जाएगा, इनमें अहिरोरी, बावन, सुरसा, टड़ियावां, शाहाबाद, हरपालपुर, पिहानी, माधौगंज, बिलग्राम तथा हरदोई शहर (अर्बन) क्षेत्र शामिल हैं।
फ्रंटलाइन वर्कर्स करेंगे डिजिटल ट्रैकिंग, बनेगा आभा कार्ड
दस्तक अभियान के दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां घर-घर जाकर स्वास्थ्य सर्वेक्षण करेंगी। बुखार, आईएलआई (इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस), टीबी, कुष्ठ, फाइलेरिया, कालाजार के लक्षणयुक्त मरीजों तथा कुपोषित बच्चों की सूची तैयार कर ई-कवच पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। घर-घर भ्रमण के दौरान परिवारों के सदस्यों का आभा आईडी सृजन किया जाएगा। जिन घरों में मच्छरों का प्रजनन पाया जाएगा, उनकी अलग सूची तैयार कर निरोधात्मक कार्रवाई हेतु स्वास्थ्य विभाग को सौंपी जाएगी।
स्कूलों में फुल आस्तीन की यूनिफार्म अनिवार्य
शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि विद्यालयों में प्रार्थना सभा और बैठकों के दौरान बच्चों व अभिभावकों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए। मच्छरों के डंक से बचाव के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया जाएगा कि छात्र-छात्राएं पूरी बाजू की कमीज और फुल पैंट पहनकर ही स्कूल आएं।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद रेल मंडल में ट्रेनों को मिलेगी रफ्तार, हरदोई में 32 करोड़ से होगा लूप लाइन का विस्तार
अभियान की प्रगति की समीक्षा प्रत्येक शनिवार को ब्लाक व जिला स्तरीय अंतर्विभागीय बैठकों में की जाएगी तथा साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ दायित्वों के निर्वहन के कड़े निर्देश दिए हैं। -श्रेया उपाध्याय, डीपीआरओ
