हरदोई: तेज आवाज में DJ बजाने का विरोध करने पर बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में सनसनी
हरदोई में जन्मदिन पार्टी में तेज डीजे बजाने के विरोध पर चचेरे भाइयों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

पोस्टमार्टम हाउस पर रोते बिलखते मृतक के स्वजन
HighLights
जन्मदिन पार्टी में तेज डीजे बजाने पर खूनी संघर्ष हुआ।
चचेरे भाइयों ने विरोध करने पर पिता को पीट-पीटकर मार डाला।
बेटे को बचाने आई मां भी हमले में गंभीर रूप से घायल।
जागरण संवाददाता, हरदोई। जन्मदिन समारोह में तेज आवाज में डीजे बजाने का विरोध करने पर चचेरे भाइयों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विरोध से नाराज चचेरे भाई ने स्वजन के साथ मिलकर युवक को घेरकर पीटना शुरू कर दिया।
बेटे को बचाने पहुंचे माता-पिता पर भी लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता की मौत हो गई, जबकि मां अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है। मामूली विवाद में हुई हत्या से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम महुईपुरी निवासी प्रेमपाल के घर शुक्रवार शाम उनकी भांजी सोना की बर्थडे पार्टी चल रही थी। घर के बाहर तेज आवाज में डीजे बज रहा था। चचेरे भाई पिंकू ने तेज आवाज में डीजे बजाने का विरोध किया। इसके बाद वह पास की दुकान पर गुटखा लेने चला गया।
आरोप है कि लौटते समय रास्ते में प्रेमपाल, सोनपाल, किशोर, छोटे भइया, शिवम और दो अन्य रिश्तेदारों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। बेटे की चीख-पुकार सुनकर पिता शेखरन उर्फ गुड्डू और मां ज्ञाना उसे बचाने दौड़े। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए।
हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। पिंकू ने यूपी 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सौ शैय्या चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शेखरन को मृत घोषित कर दिया। पत्नी ज्ञाना का उपचार चल रहा है। सीओ सिटी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआइआर दर्ज कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सूप बुनकर पालता था नौ बच्चों का पेट, अब सिर से उठा पिता का साया
महुईपुरी में हुई वारदात ने गरीब परिवार की खुशियां छीन लीं। शेखरन उर्फ गुड्डू सूप बनाकर और बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके चार बेटे और पांच बेटियां हैं। नौ बच्चों की परवरिश के लिए वह दिनभर मेहनत करता था। पिता की मौत से बच्चों के सिर से सहारा छिन गया। परिवार के सामने अब रोजी-रोटी का भी संकट खड़ा हो गया है। वहीं, मां ज्ञाना अस्पताल में भर्ती हैं। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मची है।
बेटे की सूचना पर पहुंची पुलिस, घायल मां को पहुंचाया अस्पताल
हमलावरों की पिटाई से शेखरन और उनकी पत्नी ज्ञाना लहूलुहान होकर गिर पड़े थे। बेटे पिंकू ने तत्काल यूपी 112 पर सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को अस्पताल भिजवाया। हालांकि, शेखरन की जान नहीं बच सकी। गंभीर रूप से घायल ज्ञाना का उपचार जारी है। पुलिस की तत्परता से उन्हें समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।