फीस ना भरने पर छात्रा से लगवाया झाड़ू-पोछा, स्कूल छोड़ भागी किशोरी को शादी के लिए हरदोई में बनाया बंधक
चंडीगढ़ के एक आवासीय स्कूल में फीस न भरने पर झाड़ू-पोछा कराए जाने से परेशान होकर भागी एक छात्रा को ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
फीस न देने पर छात्रा से स्कूल में काम।
भागकर हरदोई पहुंची, शादी के लिए बंधक बनाया।
पुलिस ने बचाया, आरोपियों की तलाश जारी।
जागरण संवाददाचा, हरदोई। पिता ने बेटी का भविष्य संवारने के लिए उसे चंडीगढ़ के एक आवासीय स्कूल में दाखिला दिलाया था, लेकिन फीस जमा नहीं होने के कारण पढ़ाई के बजाय उससे झाड़ू-पोछा कराया जाने लगा। इससे परेशान होकर आठवीं की छात्रा स्कूल से भाग निकली। वह स्कूल की एक सफाईकर्मी के साथ रोहतक पहुंची।
वहां उसकी मुलाकात हरदोई के दो युवकों से हुई, जो उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ हरदोई ले आए। आरोप है कि यहां उसे शादी के लिए बंधक बनाकर रखा गया। किसी तरह किशोरी ने अपने परिचित को फोन कर मदद मांगी, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया। दिल्ली के सरस्वती विहार की रहने वाली किशोरी ने काउंसलिंग के दौरान बताया कि उसके पिता आटो चलाते हैं।
वह तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी है। पिता ने उसे बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए चंडीगढ़ के कराला स्थित एक निजी स्कूल में दाखिला कराया था। फीस नहीं भर पाने के कारण उससे पढ़ाई के बजाय स्कूल में काम कराया जाने लगा। परेशान होकर वह सफाईकर्मी के साथ रोहतक चली गई। वहां हरदोई निवासी मोहित और नत्थू उसे अपने साथ हरदोई ले आए।
अपने परिचित को फोन कर बताई आपबीती
मोहित ने उसे सात दिन अपने घर पर रखा। इसके बाद नंदलाल को उसके विधवा होने की बात बताकर अपने 40 वर्षीय बेटे कमलू से शादी कराने का प्रस्ताव दिया। किशोरी को नाबालिग देखकर नंदलाल ने इन्कार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद नंदलाल के साले अजय पाल ने अपने बेटे दीपू से शादी कराने का दबाव बनाया। किशोरी को दो दिन दीपू के साथ रखा गया। इस दौरान किशोरी ने अपने परिचित ज्ञानी को फोन कर आपबीती बताई।
यह भी पढ़ें- सारनाथ हादसे के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गोला दीनानाथ से 2500 KG अवैध रसायन बरामद, आरोपी गिरफ्तार
ज्ञानी पत्नी मोनी के साथ हरदोई पहुंचे और महिला हेल्पलाइन 1090 पर सूचना दी। पुलिस ने किशोरी को संरक्षण में लेकर बाल कल्याण समिति के सामने बयान दर्ज कराए। एनजीओ के जिला समन्वयक अवनीश कुमार मिश्रा की तहरीर पर शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इंस्पेक्टर संजय त्यागी ने बताया कि किशोरी ने आरोपितों के नाम बताए हैं, लेकिन हरदोई में उनके ठिकाने की जानकारी नहीं दे सकी। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
