डॉक्टर नदारद, तड़पती महिला के सफाईकर्मी ने लगाए टांके, हरदोई में लापरवाही के बाद गिरी गाज
हरपालपुर सीएचसी में डॉक्टर की अनुपस्थिति में एक सफाई कर्मचारी ने सड़क हादसे में घायल महिला के घावों पर टांके ...और पढ़ें
-1791799634887_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
डॉक्टर की गैरमौजूदगी में सफाईकर्मी ने लगाए घायल महिला को टांके।
लापरवाही का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से हुआ प्रसारित।
सीएमओ ने सफाईकर्मी का तत्काल प्रभाव से किया स्थानांतरण।
संवादसूत्र, हरपालपुर। सीएचसी में इमरजेंसी कक्ष के डाक्टर की गैरमौजूदगी में एक सफाई कर्मचारी ने सड़क हादसे में घायल महिला के घाव पर खुद ही टांके लगा दिए। इस पूरी लापरवाही का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने पर स्वास्थ्य विभाग के दावों की पोल खुल गई। मामले का संज्ञान लेते हुए सीएमओ ने सफाई कर्मचारी का स्थानांतरण कर दिया है।
हरपालपुर के ग्राम गधेड़ा की राजेश्वरी शुक्रवार को पति के साथ शाहजहांपुर स्थित मायके से घर लौट रही थी। रास्ते में सतौथा गांव के पास ब्रेकर पर बाइक से उछलकर सड़क पर गिरकर घायल हो गई थी। एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया गया था। सीएचसी की इमरजेंसी में उस समय कोई भी डॉक्टर ड्यूटी पर मौजूद नहीं था। घायल महिला को दर्द से तड़पता देख वहां तैनात सफाई कर्मचारी शिवनारायण ने खुद ही डॉक्टर की भूमिका निभानी शुरू कर दी और महिला के घाव पर टांके लगाने शुरू कर दिए।
इस दौरान अस्पताल का एक अन्य वार्ड बाय मोबाइल की टार्च जलाकर रोशनी दिखाता हुआ नजर आया। सीएचसी में इस लापरवाही का किसी ने वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया था। सीएमओ डा. भवनाथ पांडेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सफाई कर्मचारी शिवनारायण का तत्काल प्रभाव से चौंसार सीएचसी में स्थानांतरित कर दिया है। फिलहाल सफाईकर्मी का स्थानांतरण भले ही किया गया हो,लेकिन इस घटना ने सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और ड्यूटी के प्रति डाक्टरों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
