हरदोई में CDO का औचक निरीक्षण, स्कूल-आंगनबाड़ी में अव्यवस्था पर BEO समेत 3 का वेतन रोका, 3 चार्जशीट
हरदोई में सीडीओ नेहा ब्याडवाल ने टड़ियावां के प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। लापरवाही मिलने पर ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
सीडीओ ने हरदोई के टड़ियावां में सरकारी संस्थानों का निरीक्षण किया।
प्राथमिक विद्यालय में लापरवाही पर प्रधानाध्यापिका, सचिव, बीईओ का वेतन रुका।
आंगनबाड़ी केंद्र में अव्यवस्था पर कार्यकर्ताओं को आरोप पत्र जारी।
जागरण संवाददाता, हरदोई। सीडीओ ने टड़ियावां के विभिन्न सरकारी संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र में लापरवाही मिलने पर सीडीओ ने प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका, सचिव और खंड शिक्षा अधिकारी का अगस्त का वेतन रोक दिया है। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्र में मिली अव्यवस्थाओं को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मुख्य सेविका और प्रभारी सीडीपीओ को आरोप पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं।
सीडीओ नेहा ब्याडवाल ने नानकगंज ग्रंट स्थित डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण किया, जहां व्यवस्थाएं प्रथम दृष्टया संतोषजनक पाई गईं। उन्होंने एडीओ पंचायत को निर्देश दिए कि लाइब्रेरी की सभी पुस्तकों की कोडिंग कराई जाए, पाठकों के कार्ड बनाए जाएं, परिसर को वातानुकूलित किया जाए। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय कंजड़पुरवा को देखा, जहां की स्थिति बेहद खराब पाई गई।
मैपिंग कर पढ़ाने के निर्देश
परिसर में घास-झाड़ियां उगी थीं, हैंडवाश यूनिट में टोंटियां गायब थीं, शौचालय में रोशनी नहीं थी और रसोईघर में गंदगी का आलम था। इसके अलावा 155 पंजीकृत बच्चों के सापेक्ष केवल 70 बच्चे उपस्थित मिले, जिनमें से कई यूनिफार्म में नहीं थे। कक्षा चार के बच्चों के शैक्षणिक स्तर की जांच के बाद शिक्षकों को बच्चों की मैपिंग कर पढ़ाने के निर्देश दिए गए।
लापरवाही बरतने पर प्रधानाध्यापिका ममता तिवारी, सचिव विजय वर्मा और पर्यवेक्षकीय दायित्वों में ढिलाई पर बीईओ अनिल कुमार झा का अगस्त का वेतन अग्रिम आदेशों तक बाधित कर दिया गया है। यहीं के आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण में 39 पंजीकृत बच्चों में से मात्र 11 बच्चे उपस्थित मिले। केंद्र में वजन मशीन नहीं थी और लंबाई मापने का यंत्र खराब था।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में बैंक से जालसाजी कर लोन लेने वाला सिपाही गिरफ्तार, सिर पर था 25 हजार का था इनाम
खाली कक्ष होने के बावजूद केंद्र बरामदे में संचालित हो रहा था। इस अव्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सीडीओ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उर्मिला यादव, मुख्य सेविका उमा गुप्ता और प्रभारी सीडीपीओ संजू वर्मा को आरोप पत्र जारी करते हुए विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीडीओ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति, स्वच्छता, पेयजल और पोषण संबंधी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
