विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में बैंक से जालसाजी कर लोन लेने वाला सिपाही गिरफ्तार, सिर पर था 25 हजार का था इनाम

Published: Tue, 25 Aug 2026 04:26 PM (GMT+05:30)

सिपाही नितेश कुमार यादव को बैंक ऑफ बड़ौदा से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 39.70 लाख रुपये का लोन लेने ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सिपाही नितेश यादव 39.70 लाख रुपये के बैंक धोखाधड़ी में गिरफ्तार।

  2. फर्जी पुलिस आईडी, वेतन पर्ची से लिया था लोन।

  3. दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ा गया, 25 हजार का इनाम था।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बैंक आफ बड़ौदा में फर्जी दस्तावेज लगाकर 39.70 लाख रुपये का लोन लेने के आरोपित सिपाही नितेश कुमार यादव को कैंट थाना पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। मुकदमा दर्ज होने के बाद फरार नितेश पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

विदेश से लौटने के दौरान 23 अगस्त को दिल्ली एयरपोर्ट पर उसे हिरासत में लिया गया। इसके बाद कैंट पुलिस उसे गोरखपुर लेकर आई। मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।

33 वर्षीय नितेश कुमार यादव देवरिया जिले के भाटपाररानी के जोगउर गांव का रहने वाला है। बैंक आफ बड़ौदा गोरखपुर के उप क्षेत्रीय प्रमुख आशीष सिंह ने 16 अगस्त 2024 को कैंट थाने में नितेश यादव समेत छह लोगों के विरुद्ध कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जालसाजी करने का मुकदमा दर्ज कराया था।

पुलिस जांच में क्या आया सामने?

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपितों ने उत्तर प्रदेश पुलिस और बैंक आफ बड़ौदा के बीच हुए एमओयू का दुरुपयोग कर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लोन कराया था।जांच में पता चला कि नितेश ने फर्जी पुलिस पहचान पत्र, सैलरी स्लिप, फार्म-16, बैंक स्टेटमेंट और कर्मचारी सत्यापन रिपोर्ट तैयार कराई। इन दस्तावेजों के आधार पर अपने साथियों के नाम पर पीएसपी बचत खाते खुलवाए गए।

बाद में इन्हीं खातों के आधार पर बैंक आफ बड़ौदा की मेडिकल कालेज रोड शाखा से पांच लाख, गोलघर मुख्य शाखा से 23 लाख और बेतियाहाता शाखा से 11.70 लाख रुपये का लोन लिया गया। मामले में नितेश कुमार यादव के अलावा प्रमोद कुमार यादव, संदीप कुमार यादव, लक्ष्मीकान्त यादव, अजय साहनी और संदीप अग्रहरि के नाम सामने आए हैं। बैंक की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में इन सभी की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी दस्तावेज किसने तैयार किए, खातों का इस्तेमाल किस तरह हुआ और लोन की रकम किसके पास पहुंची।

यह भी पढ़ें- ‎कुशीनगर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 3 मदरसा छात्रों की हालत गंभीर, धार्मिक झंडा लगाने के दौरान हुआ हादसा

एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद नितेश विदेश चला गया था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 23 अगस्त को विदेश से लौटने पर दिल्ली एयरपोर्ट पर उसे अभिरक्षा में लिया गया। सूचना मिलने पर कैंट पुलिस वहां पहुंची और उसे हिरासत में लेकर गोरखपुर लाई।