दीपावली पर हरदोई में 8 विशेष ट्रेनों का ठहराव, छुट्टी पर जाने वाले यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने हरदोई स्टेशन पर 8 विशेष ट्रेनों का ठहराव निर्धारित किया है।

AI IMAGE। ट्रेनों से पंजाब, बिहार, दिल्ली और पूर्वांचल के यात्रियों को लाभ मिलेगा, साथ ही मुरादाबाद मंडल में संचालन सुचारु रखने के लिए वार रूम भी बनाया गया है।
HighLights
त्योहारों के लिए हरदोई में 8 विशेष ट्रेनों का ठहराव।
पंजाब, बिहार, दिल्ली, पूर्वांचल के यात्रियों को मिलेगा लाभ।
मुरादाबाद मंडल में रेल संचालन हेतु वार रूम स्थापित।
जागरण संवादाता, हरदोई। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने और सफर के दौरान होने वाली परेशानियों को कम करने के लिए कई त्योहार विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इनमें 8 ऐसी ट्रेनें शामिल हैं, जिनका ठहराव हरदोई रेलवे स्टेशन पर निर्धारित किया गया है। इन ट्रेनों के चलने से पंजाब, बिहार, दिल्ली और पूर्वांचल की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों का संचालन अलग-अलग रूटों पर किया जा रहा है। इनके ठहराव मुरादाबाद मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर रखे गए हैं। हरदोई के साथ मुरादाबाद, बरेली और शाहजहांपुर जैसे स्टेशनों के यात्रियों को भी इन सेवाओं का लाभ मिलेगा।
त्योहार के दौरान हरदोई स्टेशन पर रुकने वाली ट्रेनों में 04468 अमृतसर-बरौनी और 04467 बरौनी-अमृतसर शामिल हैं। इन दोनों ट्रेनों का मुरादाबाद मंडल में मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर और हरदोई स्टेशन पर ठहराव निर्धारित है। इसी तरह 04209 वाराणसी-दिल्ली विशेष ट्रेन हरदोई, रामपुर, मुरादाबाद, गजरौला और हापुड़ में रुकेगी। 04512 चंडीगढ़-पटना विशेष ट्रेन का ठहराव रामपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर और हरदोई में होगा। इसके अलावा 04616 फिरोजपुर-पटना विशेष ट्रेन रामपुर, नजीबाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई और बालामऊ में रुकेगी। 04668 अमृतसर-बरौनी ट्रेन का ठहराव मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर और हरदोई में रहेगा। 04552 सहारनपुर-वाराणसी विशेष ट्रेन भी मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर और हरदोई में रुकेगी। वहीं 05283 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार विशेष ट्रेन हरदोई, शाहजहांपुर और मुरादाबाद स्टेशन पर ठहराव करेगी।
मुरादाबाद डीआरएम कार्यालय में बनाया गया वार रूम
त्योहारों के दौरान रेल संचालन को सुचारु बनाए रखने और यात्रियों की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई के लिए मुरादाबाद मंडल के डीआरएम कार्यालय में विशेष वार रूम बनाया गया है। यहां रेलवे कर्मचारी 24 घंटे सातों दिन निगरानी कर रहे हैं। वार रूम के माध्यम से ट्रेनों के संचालन, यात्रियों की भीड़ और अन्य व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की परेशानी सामने आने पर समय रहते कदम उठाए जा सकें।