Hardoi News: हरदोई में चारपाई पर मिला युवती का शव, भाई ने प्रेमी पर लगाया हत्या का आरोप
हरदोई के पिहानी में शनिवार सुबह युवती का शव चारपाई पर मिलने से हड़कंप मच गया। आननफानन पुलिस को घटना की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं भाई ने प्रेमी पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
हरदोई, जागरण संवाददाता। युवती का शव उसी के घर में चारपाई पर पड़ा हुआ देखा गया। वह घर में अकेली थी, उसका भाई खेत पर गया हुआ था के मां शहर आई हुई थी। भाई ने प्रेमी पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उसका आरोप लगाते हुए एक आडियो सोशल इंटरनेट पर प्रसारित हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पिहानी ग्राम के सरावर की माधुरी शुक्रवार को घर में अकेली थी। उसका भाई रितेश खेत पर गया हुआ था, जबकि उसकी मां शहर आई हुई थी। रितेश का कहना है कि जब वह घर वापस गया तो बहन का शव घर में चारपाई पर पड़ा हुआ मिला। शोर मचाने पर आसपास-पड़ोसी के लोग मौके पर आ गए।
मृतका के भाई रितेश ने बताया कि बहन का गांव के रहने वाले हरिओम से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले जानकारी हुई थी। वह सब इसका विरोध कर रहे थे। यह बात हरिओम को नागवार गुजर रही थी। आरोप है कि मौका मिलते ही उसने घर में घुसकर बहन की हत्या कर दी। पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। कोतवाल वेणीमाधव त्रिपाठी ने बताया कि घटना आत्महत्या प्रतीत हो रही है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।