मजबूत हाथों में होनी चाहिए देश की बागडोर
जागरण संवाददाता हरदोई आधी आबादी की देश को लेकर पूरी संजीदा है।
हरदोई: आधी आबादी की देश को लेकर पूरी संजीदा है। महिलाएं चाहती हैं कि देश में मजबूत सरकार बने। जिससे कि देश तरक्की करे। विदेशों में मान और सम्मान बढ़े और कोई भी देश की तरफ आंख उठाकर न देख सके। वैसे उनके मत अलग अलग हैं लेकिन सभी मजबूत सरकार चाहती हैं। डा. ममता सिंह का कहना है कि चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ा जाना चाहिए। देश का विकास होगा तो बेरोजगारी भी दूर होगी। मंजरी श्रीवास्तव कहती हैं कि सोंच समझकर मतदान करना चाहिए। वैसे सरकार किसी की भी बने लेकिन देश की सुरक्षा और विकास सर्वोपरि होना चाहिए। शिक्षा और स्वास्थ्य की मूलभूत सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जाए। आकांक्षा श्रीवास्तव के अनुसार मोदी सरकार में गुंडई और भ्रष्टाचार खत्म हुआ है। वह कहती हैं कि देश से भ्रष्टाचार मिटाना जरूरी है, तभी सभी को उनके अधिकार मिल पाएंगे। दिव्या शुक्ला का कहना है कि सर्व शिक्षा अभियान को और बढ़ावा देना चाहिए। अध्यापकों की कमी दूर हो। अस्पतालों में चिकित्सक तैनात हों जिससे कि स्वस्थ और सुशिक्षित समाज की स्थापना हो सके।