विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली से लखनऊ जा रही डबल डेकर बस गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी, 17 यात्री घायल; दो की हालत गंभीर

Published: Tue, 29 Sep 2026 11:16 AM (IST)

हरदोई के बिलग्राम क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से लखनऊ जा रही एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

HighLights

  1. गंगा एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलटी।

  2. हादसे में कुल सत्रह यात्री घायल, दो की हालत गंभीर।

  3. गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा।

जागरण संवाददाता, हरदोई। बिलग्राम क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से लखनऊ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार डबल डेकर बस गंगा एक्सप्रेसवे पर बिलग्राम क्षेत्र के 329 कट के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे के वक्त बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में कुल 17 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

चीख-पुकार सुन पहुंचे ग्रामीण, पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त बस में फंसे और घायल यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बिलग्राम भिजवाया गया। हादसे में घायल हुए यात्रियों में मयंक, अमेश पांडे, सुधा पांडे, ममता शर्मा, नैना शर्मा, निष्ठा, आरती, कविता, राहुल, कुशल, सुमित शर्मा, तुषार श्रीवास्तव, अभिषेक, अपूर्व श्रीवास्तव, राम सिंह, विवेक और अन्नू शामिल हैं।

CHC बिलग्राम में डॉक्टरों ने सभी को प्राथमिक उपचार दिया। इलाज के दौरान राम सिंह और विवेक कुमार की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद घायलों के परिजनों और परिचितों में अफरा-तफरी मच गई।

लोग अपनों का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचने लगे। उधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक स्तर पर बस के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। चालक व अन्य यात्रियों से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- 30 मीटर दूर दिया नोटिस, बगल में बनती रही अवैध 3 मंजिला इमारत; अंबाला हादसा मामले में दागी अफसरों को बचाने की तैयारी