बाजार में आई रौनक, औद्योगिक क्षेत्र में लौटने लगी खुशियां
-फैक्ट्रियों के उत्पादन में आ रही तेजी -त्योहारों और वैवाहिक समारोह में बढ़ेगी मांग
हरदोई : औद्योगिक क्षेत्र में धीरे-धीरे खुशियां लौटने लगी हैं। अनलॉक के बाद से पटरी पर आईं फैक्ट्रियों में नवरात्र से उत्पादन ने तेजी पकड़ ली है। बाजारों में आई रौनक से उद्यमियों में भी आश जगी है। उनका कहना है कि लॉकडाउन में जो नुकसान हुआ, उसकी भरपाई का प्रयास रहेगा। फैक्ट्रियों की पहिए घूमेंगे तो उनसे जुड़े लोगों के घर भी खुशहाल होंगे।
औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव बहुत बड़ी परेशानी है। उससे बहुत सी मशीन खराब हो चुकी हैं। हालांकि उन सभी परेशानियों के बीच उद्यमी कारोबार कर रहे हैं। अब धीरे धीरे लोगों की जिदगी पटरी पर लौटी हौ तो औद्योगिक इकाइयों ने भी तेजी पकड़ी है। त्योहार में उत्पादन की मांग बढ़ने की उम्मीद है।
उद्यमी मसरूफ अहमद
अनलॉक के बाद थमा उत्पादन का पहिया घूमने लगा है। बेब्ले स्कॉट का निर्माण शुरू होने से औद्योगिक क्षेत्र में खुशी का माहौल है। यहां की समस्याओं के निराकरण के लिए शासन व प्रशासन की ओर से प्राथमिकता दी जा रही है जो सुखद है। धीरे धीरे और अच्छा होता और सभी तरक्की करेंगे।
आरएएन शास्त्री, संडीला इंडस्ट्री एसोसिएशन सचिव
बाजार में धीरे धीरे मांग बढ़ रही है। जिससे उद्यमियों में उत्साह है। हालांकि लॉकडाउन का असर भी अभी लंबे समय तक बाजार में दिखेगा लेकिन जिस तरह से मांग बढ़ेगी, उतना ही उद्योग तेजी पकड़ेंगे। उद्योगों के तेजी पकड़ने से न केवल उद्यमियों बल्कि उनसे जुड़े कर्मचारियों और अन्य लोगों के घरों में भी खुशहाली आएगी।
उद्यमी कपिल गुप्ता
बाजार में मांग कम होने के कारण उत्पादन के पहिए धीरे-धीरे घूम रहे हैं उनकी फैक्ट्री में मांग के अनुरूप ही उत्पादन किया जा रहा है। जो नवरात्र के बाद रफ्तार पकड़ लेगा। औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने के लिए शीघ्र पहल करनी चाहिए। नवरात्र शुरू हो गए हैं और अब तो खुशियों का ही माहौल आएगा।
उद्यमी रोहित गुप्ता