मेन लाइन का जंफर जलने से तीन घंटे ठप रहे शहर के पांच उपकेंद्र
शहर के 220 केवीए उपकेंद्र की मेन लाइन का जंफर जल जाने से शहर के पांच उपकेंद्र रहे ठप।
हरदोई : शहर के 220 केवीए उपकेंद्र की मेन लाइन का जंफर जल जाने से शहर के पांच उपकेंद्र तीन घंटे तक बंद रहे। इससे लोग बूंद-बूंद पानी को तरस गए। वहीं गर्मी से दो-चार होना पड़ा।
शहर में बिजली आपूर्ति के लिए 33 केवीए के आठ विद्युत उपकेंद्र हैं। इन उपकेंद्रों की आपूर्ति मन्नापुरवा में संचालित 220 केवीए उपकेंद्र से की जाती है। रविवार की सुबह सात बजे मन्नापुरवा से उपकेंद्रों को जाने वाली मेन लाइन का जंफर जल गया। इससे शहर के सिटी विद्युत उपकेंद्र, कोयलबाग कालोनी उपकेंद्र, गुरगुज्जा, सांडी रोड विद्युत उपकेंद्र शहर और ग्रामीण की आपूर्ति ठप हो गई। इससे शहर के मुहल्ला अशराफ टोला, बंशी नगर, महेश गली, खंजनपुरवा, वैटगंज, सदर बाजार, चौहान थोक, सराय थोक पश्चिमी, आलू थोक, बोर्डिंग हाउस, आलू थोक उत्तरी, सांडी रोड, बाबा मंदिर चौराहा, कृष्ण नगरिया, राम नगरिया, कोयलबाग कालोनी, खगेश्वर पुरवा आदि की आपूर्ति ठप रही। दस बजे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। करीब तीन घंटे तक बिजली बंद रहने से लोग गर्मी से बेहाल रहे। बिजली न आने से लोग बूंद-बूंद पानी को तरस गए। अवर अभियंता सौरभ अवस्थी ने बताया कि मेन लाइन का जंफर जलने से आपूर्ति बाधित हो गई थी। जिसे सही करा दिया गया।