विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 25, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

योगी सरकार में फिर सितारा बनकर चमके ब्रजेश पाठक

By JagranEdited By:
Published: Fri, 25 Mar 2022 09:40 PM (GMT+05:30)Updated: Fri, 25 Mar 2022 09:42 PM (GMT+05:30)

हरदोई जिले के मल्लावां क्षेत्र के निवासी ब्रजेश पाठक को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल म

योगी सरकार में फिर सितारा बनकर चमके ब्रजेश पाठक
योगी सरकार में फिर सितारा बनकर चमके ब्रजेश पाठक

हरदोई: जिले के मल्लावां क्षेत्र के निवासी ब्रजेश पाठक को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में उपमु्ख्यमंत्री बनाए जाने से जिलेभर में खुशी की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने के बाद से ही मल्लावां सहित पूरे जिले में मिठाई बांटने व आतिशबाजी किए जाने का क्रम शुरू हो गया।

लखनऊ कैंट विधानसभा क्षेत्र के विधायक ब्रजेश पाठक मल्लावां कस्बे के मोहल्ला गंगारामपुर के निवासी हैं। 25 जून 1964 को सुरेश पाठक के घर जन्मे बृजेश ने छात्रनेता के रूप में राजनीति की शुरुआत की। वह 1989 में लखनऊ विश्वविद्यालय छात्र संघ के उपाध्यक्ष और 1990 में अध्यक्ष बने। इसके करीब 12 साल बाद बृजेश ने कांग्रेस की सदस्यता ले ली। 2002 में मल्लावां सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े पाठक मात्र 130 वोट से चुनाव हार गए थे। बाद में बसपा का दामन थाम लिया और उन्नाव से सांसद चुने गए और सदन में बसपा के उपनेता रहे। 2009 लोकसभा चुनाव के ठीक पहले बसपा सुप्रीमो ने उन्हें राज्यसभा भेजा और सदन में पार्टी का मुख्य सचेतक बनाया। उनकी पत्नी नम्रता पाठक को राज्य महिला आयोग उपाध्यक्ष बनाकर राज्यमंत्री का दर्जा भी दिया गया। 2014 में बृजेश फिर उन्नाव लोकसभा सीट से चुनाव लड़े लेकिन वह तीसरे स्थान पर रहे थे। बृजेश पाठक सूबे में सत्ता परिवर्तन की हवा भांप 22 अगस्त 2016 को भाजपा में शामिल हो गए। लखनऊ मध्य से चुनाव जीतकर प्रदेश सरकार में कानून मंत्री रहे। इस विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने लखनऊ कैंट सीट से चुनाव जीता। अब उन्हें प्रदेश का उप मुख्यमंत्री बनाया गया है, जिसके बाद से पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई।

सात संतानों में पांचवें नंबर पर हैं बृजेश

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक अपने पिता की सात संतानों में पांचवें नंबर पर हैं। उनके दो बड़े भाई राजेश पाठक और दिनेश पाठक हैं। एमए, एलएलबी बृजेश पाठक के परिवार में पत्नी नम्रता, दो बेटियां दीपिका, सांभवी और एक बेटा कार्तिक है। परिवार लखनऊ में ही शिफ्ट है। बड़े भाई राजेश मल्लावां में रहते हैं। दूसरे भाई दिनेश लखीमपुर में स्कूल चलाते हैं।

बहन को भाई पर है नाज

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक की बड़ी बहन मधु तिवारी और बहनोई विमल तिवारी शहर के लक्ष्मीपुरवा मुहल्ले में रहते हैं। शुक्रवार को उन्होंने परिवार के साथ खूब खुशियां मनाईं। अभिषेक तिवारी, शिल्पी तिवारी के साथ अमित पांडेय, सुमित, संजू, अभिराज ने मिठाई बांटी। मधू ने बताया कि उन्हें अपने भाई पर नाज है।