बिलग्राम-मल्लावां पर कांग्रेस की मजबूत दावेदारी, बालामऊ पर भी निगाह; सपा में भी दावेदार सक्रिय
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर चर्चा तेज है।

तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए लगाया गया है।
HighLights
बिलग्राम-मल्लावां सीट पर कांग्रेस 2022 प्रदर्शन के आधार पर मजबूत दावेदार।
हरदोई की बालामऊ सीट पर भी कांग्रेस की सक्रिय निगाहें।
सपा में भी बिलग्राम-मल्लावां सीट के लिए दावेदार सक्रिय।
जागरण संवाददाता, हरदोई। विधानसभा चुनाव 2027 में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के संभावित गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस की ओर से 181 सीटों पर दावा किए जाने की चर्चा सोमवार को आम रही।
इनमें हरदोई की बिलग्राम-मल्लावां और शाहाबाद सीटों का नाम भी सामने आया। हालांकि, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय ने ऐसी किसी सूची या दावे की पुष्टि नहीं की है। इसके बावजूद पिछले चुनाव के प्रदर्शन को आधार बनाकर बिलग्राम-मल्लावां सीट पर कांग्रेस की दावेदारी की चर्चा जोर पकड़ रही है। बालामऊ सीट पर भी पार्टी की निगाह होने की बात कही जा रही है।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जिले की आठों सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे। इनमें बिलग्राम-मल्लावां से सुभाष पाल को 52,398 मत मिले थे, जो कुल पड़े मतों का 22.32 प्रतिशत था। इसके विपरीत सवायजपुर में कांग्रेस को 11,396 मत मिले, जबकि अन्य छह सीटों पर पार्टी का आंकड़ा पांच हजार तक भी नहीं पहुंच सका।
शाहाबाद में कांग्रेस प्रत्याशी को महज 1,561 और बालामऊ में 4,112 मत मिले थे। हरदोई सदर से आशीष सिंह सोमवंशी को 1,999 मत , गोपामऊ सुरक्षित सीट से सुनीता देवी को 1,410 मत, सांडी सुरक्षित सीट से आकांक्षा वर्मा को 3,055 मत और संडीला से मोहम्मद हनीफ को 3,464 मत मिले थे।
ऐसे में बिलग्राम-मल्लावां का पिछला प्रदर्शन सीट बंटवारे की चर्चा में कांग्रेस के लिए प्रमुख आधार बन रहा है। कांग्रेस इस बार भी बिलग्राम-मल्लावां में एसआइआर के तहत बीएलए की नियुक्ति से लेकर संगठनात्मक गतिविधियों तक सक्रिय है।
दूसरी ओर समाजवादी पार्टी में पूर्व प्रत्याशी ब्रजेश वर्मा और पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा भी इस क्षेत्र से जुड़े प्रमुख दावेदारों में गिने जा रहे हैं। दोनों दलों के नेता सीट बंटवारे पर शीर्ष नेतृत्व का निर्णय स्वीकार करने की बात कह रहे हैं।
अब सवाल यह है कि संभावित गठबंधन में सीटों का निर्धारण पिछले चुनाव के मत प्रतिशत से होगा या वर्तमान संगठनात्मक समीकरणों से। फिलहाल किसी सीट पर औपचारिक सहमति सामने नहीं आई है, लेकिन राजनीतिक चर्चाओं ने तेजी पकड़ ली है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।