विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरदोई में राजकीय मेले की तैयारियां तेज, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाई जा रही सड़क

Published: Sat, 14 Nov 2026 07:10 PM (IST)

मल्लावां के बेरियाघाट पर कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं, जिसमें श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क निर्माण और मेला स्थल का समतलीकरण किया जा रहा है।

बेरियाघाट पर लगने वाले राजकीय मेले की तैयारियां तेज।

बेरियाघाट पर लगने वाले राजकीय मेले की तैयारियां तेज।

HighLights

  1. बेरियाघाट पर पांच दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियां शुरू।

  2. श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु कुतुवापुर से मेला स्थल तक सड़क निर्माण।

  3. मेला स्थल पर साफ-सफाई और समतलीकरण का कार्य तेजी से जारी।

संवाद सूत्र, मल्लावां। क्षेत्र के बेरियाघाट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले पांच दिवसीय राजकीय मेले की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। मेले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों में तेजी आ गई है। मेला स्थल तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कुतुवापुर गांव से मेला स्थल तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू करा दिया गया है।

वहीं, दूसरी ओर मेला स्थल पर भी साफ-सफाई और समतलीकरण का काम तेजी से कराया जा रहा है। प्रशासन की ओर से समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान 24 नवंबर को होना है, लेकिन बेरियाघाट पर लगने वाले पचभीखा स्नान के लिए कल्पवासियों का पहुंचना 19 नवंबर से ही शुरू हो जाएगा। ऐसे में मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन के सामने समय कम है।

श्रद्धालुओं और कल्पवासियों के आगमन से पहले सड़क, घाट और मेला परिसर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मेला स्थल कुतुवापुर गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर कन्नौज की ओर स्थित है। गांव से मेला स्थल तक पहुंचने के लिए रास्ते की स्थिति बेहतर बनाने का काम शुरू कर दिया गया है।

सड़क निर्माण होने से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, कल्पवासियों और दुकानदारों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही मेला परिसर में जमीन को बराबर कराया जा रहा है, जिससे मेले में दुकानें लगाने, श्रद्धालुओं के ठहरने और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं करने में आसानी हो सके। मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पिछले दिनों जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भी बेरियाघाट पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया था।

इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए थे। अधिकारियों ने मेला स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी थी। इसी के बाद से संबंधित विभागों ने तैयारियों में तेजी ला दी है।

शारदा नहर विभाग के अवर अभियंता (जेई) अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में सड़क निर्माण और मेला स्थल को व्यवस्थित करने का काम जोर-शोर से कराया जा रहा है। विभागीय स्तर पर प्रयास किया जा रहा है कि कल्पवासियों के पहुंचने से पहले जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बेरियाघाट पर लगने वाला यह पांच दिवसीय राजकीय मेला क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है। कल्पवासी यहां पर पांच दिन पूर्व ही गंगा तट पर पहुंच जाते है। और पांच दिन रुककर कल्पवास करते हैं और छठवें दिन वापस लौटते है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर पवित्र स्नान करते हैं।

मेले में धार्मिक गतिविधियों के साथ ही विभिन्न प्रकार की दुकानें भी सजती हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं में भी मेले को लेकर उत्साह रहता है। फिलहाल मेला स्थल पर तैयारियों का काम तेजी से चल रहा है।

अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन और संबंधित विभाग कल्पवासियों के आगमन से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं कितनी जल्दी पूरी कर पाते हैं। सड़क निर्माण और मेला स्थल के समतलीकरण का काम पूरा होने के बाद मेले की अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।