रेल कर्मियों को मिलेगा बेहतर इलाज, चरक हॉस्पिटल लखनऊ से संबद्ध हुआ बालामऊ हेल्थ यूनिट
मुरादाबाद मंडल के रेल कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है, बालामऊ हेल्थ यूनिट को चरक हॉस्पिटल, लखनऊ से संबद्ध कर दिया गया है। इससे कर्मचारियों और उनके आश्रितों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी, यह उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन की लंबे समय से चली आ रही मांग थी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बालामऊ हेल्थ यूनिट चरक हॉस्पिटल लखनऊ से संबद्ध।
रेल कर्मचारियों और आश्रितों को बेहतर इलाज मिलेगा।
उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन की मांग हुई पूरी।
जागरण संवाददाता, हरदोई। मुरादाबाद मंडल के तहत कार्यरत रेल कर्मचारियों और उनके आश्रितों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से बालामऊ हेल्थ यूनिट के साथ किसी प्रतिष्ठित निजी अस्पताल को जोड़ने की मांग की जा रही थी। चरक हॉस्पिटल, लखनऊ को बालामऊ हेल्थ यूनिट से संबद्ध कर दिया गया है, जिससे कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन के शाखा मंत्री राजीव गुप्ता ने 14 फरवरी 2026 को उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) को दिए गए एजेंडे में यह मांग शामिल की थी। इसके बाद 17 मार्च 2026 को आयोजित डीआरएम पीएनएम बैठक में भी इस मुद्दे को दोबारा मजबूती से रखा गया।
बैठक के दौरान बताया गया कि निजी अस्पताल के संबद्धीकरण संबंधित फाइल लंबे समय से लंबित है, जिससे कर्मचारियों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बैठक में डीआरएम ने इस मामले में शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया था।
अब चरक हॉस्पिटल लखनऊ संबद्ध होने के बाद रेल कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। इससे भविष्य में कर्मचारियों और उनके परिवारों को गंभीर बीमारी या विशेष उपचार के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने में आसानी होगी। उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन ने इसे कर्मचारियों की सामूहिक जीत बताते हुए सभी लाभार्थी रेलकर्मियों को शुभकामनाएं दी हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।