पछुआ हवाओं से बढ़ी गलन
हरदोई,जागरण संवाददाता : ठंड के साथ ही गिर रहा कोहरा लोगों की परेशानी और बढ़ा रहा है। गुरुवार सुबह को
हरदोई,जागरण संवाददाता : ठंड के साथ ही गिर रहा कोहरा लोगों की परेशानी और बढ़ा रहा है। गुरुवार सुबह कोहरा इस तरह गिर रहा था जैसे बरसात हो रही हो। दोपहर के बाद धूप निकलने से थोड़ी राहत मिली। शाम को पछुआ हवा चलने से कोहरा तो कम नजर आया लेकिन गलन ने लोगों को दुबकने पर मजबूर कर दिया।
बुधवार रात से कोहरा गिरना शुरू हुआ जो गुरुवार की दोपहर तक गिरता रहा। बुधवार रात में तो इतना कोहरा था कि सब कुछ ढका हुआ नजर आ रहा था। सुबह भी कोहरे के कारण लोगों को कुछ नहीं दिखाई दे रहा था। वाहन चालक भी रेंग रेंगकर चल रहे थे लेकिन ज्यों-ज्यों दिन चढ़ता गया कोहरा कुछ कम होता गया। दोपहर बाद धूप निकल आई जिससे लोगों ने कुछ देर के लिए राहत महसूस की। शाम को पछुवा हवा चलने से कोहरा तो कम रहा लेकिन गलन बढ़ गई। मौसम विभाग के प्रेक्षक जयशंकर मिश्र के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस रहा जोकि बुधवार से एक डिग्री कम है। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा जोकि बुधवार से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। आर्द्रता सुबह 100 प्रतिशत व शाम को 79 प्रतिशत रही। सर्दी से बचाव के लिए लोग आग तापते रहे। विभिन्न स्थानों पर लोगों अपने स्तर पर लकड़ी व कागज आदि की व्यवस्था कर आग जलाई। इसके अलावा चाय की दुकानों पर भीड़ लगी रही। चाय से सर्दी से बचाव करते रहे।