नवरात्र में होगा नारी अलंकरण महोत्सव
हरदोई, जागरण संवाददाता : नवरात्र पर्व सिर्फ देवी की पूजा, उपासना और उपवास तक ही सीमित नहीं रहना है। इसे नारी जागरण का महाअभियान बनाना है। कुछ इसी मंशा के साथ इस बार जिले के कई सामाजिक संगठन मिल कर नारी अलंकरण महोत्सव का आयोजन करेंगे। इसके तहत जिले में कुछ विशेष करने वाली नौ महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
शनिवार को कायाकल्प केंद्र में मूलचंद्र मिश्र स्मृति संस्थान की बैठक हुई। बैठक में डा. राजेश मिश्र ने कहा कि दहेज प्रथा, नारी अशिक्षा, अंधविश्वास और कुरीतियों को मिटा कर ही नारी जागरण का अभियान सार्थक होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं का स्थान सम्मानित रहा है, लेकिन पाश्चात्य संस्कृति और आधुनिकता के प्रभाव में नारी की स्थिति ठीक नहीं है। संस्थान की सदस्य सीमा मिश्रा ने कहा कि इस बार नारी अलंकरण महोत्सव का आयोजन नवरात्र के दौरान किया जाएगा। इसके अंतर्गत नौ महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही नारी विमर्श को लेकर छात्राओं के बीच निबंध प्रतियोगिता का आयोजन होगा। पंचनद समिति, वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति और सुभाष चंद्र बोस जन कल्याण समिति की भागीदारी भी होगी।