विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काले बुर्के में मिली महिला की लाश, गंगनहर पर देखने वालों की लग गई भीड़; हत्या या आत्महत्या?

Published: Fri, 13 Nov 2026 01:02 PM (IST)

हापुड़ के बछलौता में मध्य गंग नहर में काले बुर्के में लिपटी एक अज्ञात महिला का शव मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

HighLights

  1. हापुड़ नहर में काले बुर्के में मिला अज्ञात महिला का शव।

  2. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, पहचान नहीं हो सकी।

  3. हत्या की आशंका पर पुलिस कर रही है गहन जांच पड़ताल।

केशव त्यागी, हापुड़। हापुड़ थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के बछलौता के पास शुक्रवार को मध्य गंग नहर में काले बुर्के में लिपटा महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पानी में बहते शव को देखकर राहगीरों के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया।

काफी प्रयास के बाद भी महिला की पहचान नहीं हो सकी। बुर्के में लिपटा शव मिलने से महिला की पहचान छिपाने की आशंका भी जताई जा रही है। ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि महिला की मौत हादसे में हुई या फिर हत्या कर शव को नहर में बहाया गया?

देखते ही देखते जमा हो गई लोगों की भीड़

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को बछलौता के पास मध्य गंग नहर में लोगों ने एक शव पानी में बहता देखा। नजदीक जाकर देखने पर वह महिला का शव निकला। महिला काले रंग के बुर्के में लिपटी हुई थी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल बाबूगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नहर से बाहर निकलवाया और उसकी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव नहर में पीछे की ओर से बहकर आया है। हालांकि, महिला नहर में कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता नहीं चल सका है।

लापता महिलाओं का जुटाया जा रहा ब्योरा

थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। महिला की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों से संपर्क किया जा रहा है। हाल में लापता हुई महिलाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस

काले बुर्के में लिपटे शव ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला कहां की रहने वाली थी? वह नहर तक कैसे पहुंची? क्या वह पानी में डूबकर मरी या किसी ने हत्या के बाद शव को नहर में फेंका? फिलहाल पुलिस इन सभी सवालों के जवाब तलाश रही है। महिला की शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही रहस्य से पर्दा उठ सकेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।