गोदाम स्वामी कंपनी पर लगाया धोखाधड़ी का आरोप
संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर गेंहू का बीज तैयार करने वाली एक कंपनी ने गोदाम स्वामी कंपनी पर
संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर
गेंहू का बीज तैयार करने वाली एक कंपनी ने गोदाम स्वामी कंपनी पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को दी तहरीर में बीज बनाने वाली कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि मुंबई की एक कंपनी अपने गोदाम रखे उसके गेहूं के बीज को गोदाम से निकालने नहीं दे रही है। इसका कोई कारण भी उन्हें नहीं बताया जा रहा है। इस संबंध में कई बार गोदाम स्वामी कंपनी के अधिकारियों से वार्ता किए जाने का भी कोई सार्थक परिणाम नहीं निकला।
कैमुना एग्रो लि. के महाप्रबंधक संजय वाजपेयी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी कंपनी गेहूं का बीज तैयार कर गोदाम में रखती है। उनकी कंपनी ने मुंबई की नेशनल कोलेट्रल मैनेजमेंट, सर्विस लिमिटेड के गांव रामपुर नियामतपुर स्थित गोदाम में गेहूं का बीज रखा था। उस समझौते के अंतर्गत 21 अप्रैल 2017 को उन्होंने 606.015 मीट्रिक टन बीज रखा था। उस स्टॉक को ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स ने ऋण लिए जाने के कारण बंधक रख लिया। 27 नवंबर 2017 को बैंक ने 24.790 मीट्रिक टन बीज गोदाम से निकालने की स्वीकृति दे दी। 16 मार्च जब कैमुना कंपनी के कर्मचारी रामपुर नियामतपुर स्थित गोदाम में बीज लेने के लिए पहुंचे तो गोदाम के कर्मचारियों ने बीज निकालने से मना कर दिया। कैमुना एग्रो लि. के महाप्रबंधक ने बताया कि इस संबंध में कई बार उन्होंने गोदाम स्वामी कंपनी के मुंबई स्थित कार्यालय में कंपनी के अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन कोई सार्थक परिणाम नहीं निकला। उन्हें आशंका है कि गोदाम में रखा उनका बीज सुरक्षित नहीं है, इस कारण कंपनी को भारी नुकसान हो सकता है। पुलिस क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि मुंबई की कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।