इंग्लैंड की संसद में विनय को मिलेगा भारत गौरव अवार्ड
जागरण संवाददाता, हापुड़ : हापुड़ के प्रसिद्ध आध्यात्म विज्ञानी विनय बंसल को इंग्लैंड की संसद मे
जागरण संवाददाता, हापुड़ :
हापुड़ के प्रसिद्ध आध्यात्म विज्ञानी विनय बंसल को इंग्लैंड की संसद में मिलने वाले भारत गौरव अवार्ड के लिए चयनित किया गया है। ब्रिटिश संसद में उन्हें 13 अप्रैल को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। उन्हें यह सम्मान विज्ञान की अनेक जटिल गुत्थियों को आध्यात्मिक विज्ञान के माध्यम से हल करने में उनके योगदान के कारण दिया जा रहा है।
भारतीय प्रतिभाओं को पहचान एवं सम्मान दिलाने के उद्देश्य से पिछले कुछ वर्षों से इंडियन वर्ल्ड सोशल आर्गनाइजेशन यूके के द्वारा यह भारत गौरव अवार्ड उन भारतीय प्रतिभाओं को इंग्लैंड की संसद में दिया जाता है, जिन्होंने भारत में ही रहकर समाज एवं विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हों। उन्होंने एकात्म मानववाद, साम्यवाद, समाजवाद आदि दर्शनों का गहन अध्ययन किया एवं समाज में संपूर्ण परिवर्तन करने की गुत्थी को सुलझाने के लिए गहन शोध कार्य किया। इस दौरान उन्होंने साहित्य, दर्शन, इतिहास, समाजशास्त्र आदि अनेक विषयों का भी गहन अध्ययन किया।
हापुड़ में जन्मे विनय बंसल की स्कूली शिक्षा नैनीताल में हुई। 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने आइआइटी, आरईसी एवं नेवी जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण कर परिवार का नाम रोशन किया। नागपुर में इंजीनिय¨रग की पढ़ाई के दौरान सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहे। उन्होंने न्यूटन, आईस्टीन, डार्विन आदि के सिद्धांतों की नई व्याख्याएं प्रस्तुत की हैं, जो आने वाले समय में विज्ञान जगत में क्रान्तिकारी परिवर्तन लाने में सक्षम हैं।