1962, 1965 और 1971 के युद्धों में दुश्मनों से लोहा लेने वाले सूबेदार मेजर का निधन, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
देश की रक्षा के लिए तीन युद्धों में मोर्चा संभालने वाले सूबेदार मेजर महेंद्र सिंह का 87 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्हें हापुड़ के ब्रजघाट में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई, जिसमें पूर्व सैनिकों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
-1795430116574_m.webp)
अंतिम विदाई के लिए परिजनों को तिरंगा भेंट करते सेना के अधिकारी। जागरण
HighLights
सूबेदार मेजर महेंद्र सिंह का 87 वर्ष की आयु में निधन।
उन्होंने 1962, 1965 और 1971 के युद्धों में भाग लिया।
हापुड़ के ब्रजघाट में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार।
जागरण संवाददाता, हापुड़। देश की रक्षा के लिए तीन युद्धों में मोर्चा संभालने वाले ग्राम लुहारी के रहने वाले सूबेदार मेजर महेंद्र सिंह का लंबी बीमारी के बाद 87 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
रविवार को ब्रजघाट स्थित गंगा तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इससे पूर्व उनके आवास पर बाबूगढ़ कैंट के कमांडेंट के प्रतिनिधि और पूर्व सैनिकों ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी।
बाबूगढ़ कैंट के कमांडेंट के प्रतिनिधि नायब सूबेदार बबलू जैना और पूर्व सैनिकों ने उनके पार्थिव शरीर पर तिरंगा ओढ़ाकर सम्मान प्रकट किया।
अंतिम सलामी देकर दी विदाई
वहीं, पूर्व वायु सैनिक वारंट ऑफिसर मनबीर सिंह ने पूर्व सैनिकों की ओर से पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें सलामी दी। इस दौरान उपस्थित पूर्व सैनिकों ने अपने साथी को नम आंखों से अंतिम सलामी देकर विदाई दी।
देश की रक्षा में योगदान दिया
सूबेदार मेजर महेंद्र सिंह के घनिष्ठ और उनके गांव के ही रहने वाले हवलदार प्रेमपाल सिंह ने बताया कि महेंद्र सिंह ने वर्ष 1962, 1965 और 1971 के युद्धों में हिस्सा लेकर देश की रक्षा में योगदान दिया था। उम्र के इस पड़ाव पर भी वह सक्रिय और खुशमिजाज रहते थे। पूर्व सैनिकों की गतिविधियों में उनकी नियमित सहभागिता रहती थी।
अंतिम विदाई के दौरान वारंट ऑफिसर मनबीर सिंह, कैप्टन राजेश चौधरी, कैप्टन गोपीचंद, सूबेदार समरपाल, सूबेदार जगदीश चौहान, हवलदार आदिल चौधरी, हवलदार मनोज प्रधान, सूबेदार भोपाल सिंह, सूबेदार मदनपाल, सूबेदार भागमल सिंह सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, ग्रामीण और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। वह अपने पीछे दो पुत्रियां छोड़ गए हैं।