विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शासन के इनकार से सिंभावली ग्रुप की तीन चीनी मिलों पर संकट, हजारों किसानों और श्रमिकों की आजीविका दांव पर

Published: Tue, 17 Nov 2026 06:09 PM (IST)

शासन ने सिंभावली ग्रुप की चीनी मिलों को अतिरिक्त गन्ना देने से इनकार कर दिया है, जिससे सिंभावली, असमौली और ...और पढ़ें

सिंभावली ग्रुप की चीनी मिल। फाइल फोटो - जागरण

सिंभावली ग्रुप की चीनी मिल। फाइल फोटो - जागरण

HighLights

  1. सिंभावली ग्रुप की तीन चीनी मिलें बंद होने के कगार पर।

  2. किसानों के बकाया भुगतान न होने से गन्ना आवंटन रद्द।

  3. हजारों किसानों, श्रमिकों और ऊर्जा उत्पादन पर गहराया संकट।

ठाकुर डीपी आर्य, हापुड़। गन्ना किसानों के साथ ही चीनी उद्योग और ऊर्जा उत्पादन को बड़ा झटका लगने जा रहा है। शासन ने सिंभावली ग्रुप की शुगर मिलों के संचालन के लिए अतिरिक्त गन्ना देने की गुहार ठुकरा दी है।

केन कमिश्नर के आदेश पर मुहर लगने के बाद सिंभावली, असमौली और ब्रजनाथपुर शुगर मिलों के संचालन का रास्ता बंद होने को है। इन मिलों के साथ जुड़ी तीन बड़ी डिस्टलरी और तीन पावर प्लांट भी ठप हो जाएंगे।

बताया कि अकेले सिंभावली शुगर मिल का पावर प्लांट छह करोड़ यूनिट बिजली उत्पादन की करता है। अब इन मिलों को गन्ना क्रय केंद्रों का आवंटन भी नहीं होगा। यानी एक फैसले से चीनी उत्पादन, बिजली और एथेनाल उद्योग के साथ हजारों किसानों और श्रमिकों की आजीविका पर संकट गहरा गया है।

दरअसल, इन मिलों का संचालन कर रही संस्था आइआरपी किसानों का बकाया भुगतान करने को तैयार नहीं है। ऐसे में शासन ने इन मिलों के क्रय केंद्रों को अन्य शुगर मिल को आवंटित कर दिया है।

कभी हजारों किसानों की आजीविका का आधार और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चीनी उद्योग की पहचान रही सिंभावली और ब्रजनाथपुर चीनी मिलों के सामने अब गन्ने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

हालात यह हैं कि जिन दोनों मिलों की कुल दैनिक पेराई क्षमता 1.35 लाख क्विंटल है, उन्हें मिलाकर प्रतिदिन महज 25-26 हजार क्विंटल गन्ना मिलने का अनुमान है। यानी स्थापित क्षमता के मुकाबले करीब 19 प्रतिशत गन्ना ही उपलब्ध हो सकेगा।

गन्ने की लगातार घटती उपलब्धता ने दोनों मिलों के एक साथ संचालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मिल प्रबंधन ने शासन को भेजे प्रस्ताव में स्पष्ट किया है कि मौजूदा परिस्थितियों में दोनों इकाइयों को एक साथ चलाना संभव नहीं है। ऐसे में सिंभावली क्षेत्र का गन्ना खरीदकर ब्रजनाथपुर मिल में भेजने का प्रस्ताव दिया गया है।

3 साल में तेजी से सिमटा सिंभावली का गन्ना क्षेत्र

सिंभावली मिल के आंकड़े गन्ना क्षेत्र में आई गिरावट की गंभीर तस्वीर पेश करते हैं। वर्ष 2023-24 में मिल को 33,707 हेक्टेयर गन्ना क्षेत्र आवंटित था, जो 2024-25 में घटकर 32,900 और 2025-26 में 27,714 हेक्टेयर रह गया। मौजूदा पेराई सत्र में यह घटकर केवल 7,848 हेक्टेयर रह गया है। तीन साल पहले की तुलना में आवंटित क्षेत्र में करीब 77 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

गन्ना खरीद केंद्रों की संख्या में भी लगातार गिरावट आई है। वर्ष 2023-24 में सिंभावली मिल के 152 खरीद केंद्र थे, जो 2024-25 में 145 और 2025-26 में 117 रह गए। मौजूदा सत्र में मिल गेट सहित केवल सात खरीद केंद्र आवंटित हुए हैं।

शासन ने ठुकाराया क्षेत्र लौटाने का प्रस्ताव

मिल प्रबंधन ने बकाया भुगान को लेकर एक एसओपी शासन को सौंपी थी। वहीं मिल का गन्ना क्षेत्र वापस करने का आग्रह किया था। जिससे प्रदेश के विकास का साक्षी रहा यह उद्योग अनवरत संचालित रखा जा सके। वहीं क्षेत्र के किसानों का विकास भी होता रहे।

इस मामले में 14 नवंबर को शासन स्तर पर सुनवाई हुई, लेकिन मिल का आग्रह स्वीकार नहीं किया गया। ऐसे में सिंभावली शुगर मिल के वर्तमान हालात में चलने के कोई आसान नहीं हैं। यही हाल असमौली शुगर मिल का भी है। यह दोनों बड़ी मिल हैं।

उपलब्ध गन्ने के आधार पर दोनों इकाइयों का संचालन आर्थिक और तकनीकी रूप से संभव नहीं है। मिल, बायलर और अन्य संयंत्रों की क्षमता को देखते हुए एक साथ दोनों इकाइयों को चलाना मुश्किल है। ऐसे में किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए सिंभावली क्षेत्र का गन्ना खरीदकर ब्रजनाथपुर चीनी मिल में प्रतिदिन स्थानांतरित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इससे कम क्षमता पर कम से कम एक इकाई का संचालन किया जा सकेगा। अब इस प्रस्ताव पर शासन के निर्णय का इंतजार है। - करन सिंह, मुख्य महाप्रबंधक, सिंभावली शुगर मिल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।