विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिंभावली शुगर मिल न चलने से हापुड़ के 6 हजार गन्ना किसान परेशान, सूख रही फसल; CM से करेंगे शिकायत

Published: Fri, 13 Nov 2026 08:28 PM (IST)

सिंभावली शुगर मिल के संचालन में देरी से हापुड़ के छह हजार गन्ना किसान परेशान हैं, जिससे उनकी गन्ने की कटाई और गेहूं की बुवाई प्रभावित हो रही है।

सीएम से मिलेंगे गन्ना किसान।

सीएम से मिलेंगे गन्ना किसान।

HighLights

  1. सिंभावली शुगर मिल बंद होने से छह हजार किसान चिंतित।

  2. गन्ने की कटाई रुकी, गेहूं की बुवाई में हो रही देरी।

  3. किसान मुख्यमंत्री से मिलकर समाधान की करेंगे मांग।

जागरण संवाददाता, हापुड़। सिंभावली शुगर मिल के संचालन को लेकर पैदा हुए संकट ने क्षेत्र के करीब छह हजार गन्ना किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मिल नहीं चलने के कारण किसानों के खेतों में खड़ा गन्ना कटाई का इंतजार कर रहा है।

वहीं, जिन किसानों ने गन्ने की छिलाई कर ली है, उनका गन्ना खेतों में ही पड़ा सूख रहा है। सबसे बड़ी परेशानी यह है कि गन्ने की कटाई नहीं होने से खेत खाली नहीं हो पा रहे हैं और किसान गेहूं की बोआई नहीं कर पा रहे हैं। इस समस्या को लेकर किसानों ने अब मुख्यमंत्री से शिकायत करने का निर्णय लिया है।

उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आर-पार की लड़ाई के लिए सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। उनका गन्ना भी सिंभावली से हटाकर अन्य किसी शुगर मिल को सौंप दिया जाए, जैसा जिले के अन्य किसानों के साथ किया गया है।

12 नवंबर को शुरू होनी थी पेराई

दरअसल, शासन स्तर से सिंभावली शुगर मिल के गन्ना क्रय केंद्रों को काटकर दूसरी चीनी मिलों को आवंटित कर दिया गया है। इसके चलते सिंभावली शुगर मिल के पास अब गेट पर गन्ना आपूर्ति करने वाले करीब तीन हजार किसान ही रह गए हैं। इसके साथ ही मिल से सात किलोमीटर की परिधि में स्थित आठ क्रय केंद्रों से जुड़े लगभग तीन हजार गन्ना उत्पादक भी सिंभावली शुगर मिल को मिले हैं।

किसानों के अनुसार, कुल छह हजार किसानों के सामने गन्ने की आपूर्ति और कटाई का संकट खड़ा हो गया है। सिंभावली मिल प्रबंधन ने पहले 12 नवंबर को पेराई आरंभ करने का दावा किया था। अब सेंटर कट जाने से मिल के संचालन को आरंभ नहीं किया गया है। उधर, किसानों का कहना है कि अन्य चीनी मिलें भी बिना आवंटन के उनका गन्ना नहीं ले सकतीं।

ऐसे में किसान जाएं तो जाएं कहां। खेतों में खड़ी फसल की कटाई नहीं हो पा रही है और छिला हुआ गन्ना सूखने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

किसानों का कहना है कि गन्ने की फसल समय पर नहीं कटने से गेहूं की बोआई का समय भी निकलता जा रहा है। इससे आगामी फसल का उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। किसानों ने इस संबंध में विधायक, सांसद प्रतिनिधि और एडीएम को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की है।

अब किसान मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी पीड़ा रखने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

गन्ना किसान आकर मिले थे। उससमय गढ़मुक्तेश्वर विधायक भी यहीं पर थे। हमने उनकी शिकायत सुन ली हैं। इस मामले से डीएम और डीसीओ को अवगत करा दिया गया है। आगे की कार्रवाई उन्हीं के स्तर से की जाएगी।
- संदीप कुमार- एडीएम।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।