विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़: रामपुर रोड पर 17 ठिकानों पर चल रहा था पशु अवशेषों का काला धंधा, 8 कॉलोनियों में दहशत, अब होगा एक्शन!

Published: Wed, 14 Oct 2026 08:39 AM (IST)

हापुड़ के रामपुर रोड पर 17 स्थानों पर पशु अवशेषों का अवैध कारोबार चल रहा है, जिससे आठ कॉलोनियों में ...और पढ़ें

पशु अवशेषों की आड़ में अवैध कटान

पशु अवशेषों की आड़ में अवैध कटान

HighLights

  1. रामपुर रोड पर 17 स्थानों पर अवैध पशु अवशेष कारोबार

  2. आठ कॉलोनियों में दुर्गंध और संक्रमण का खतरा

  3. प्रशासन ने जांच शुरू की, माफिया संरक्षण के आरोप

जागरण संवाददाता, हापुड़। रामपुर रोड और आसपास के क्षेत्रों में पशु अवशेषों के अवैध कारोबार का जाल फैला हुआ है। क्षेत्र में 17 स्थानों पर यह धंधा संचालित होने की बात सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन की टीम ने जांच शुरू कर दी है।

संबंधित स्थानों की सूची तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। अब जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी है। इन गोदामों के कारण शहर की आठ कालोनी के लोगों को दुर्गंध और संक्रमण का सामना करना पड़ रहा है।

कई गंभीर आरोप आए सामने

पशु अवशेषों के इस कारोबार को लेकर कई गंभीर आरोप भी सामने आए हैं। आरोप है कि लंबे समय से चल रहे इस धंधे को प्रभावशाली लोगों और माफिया का संरक्षण प्राप्त है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर किन परिस्थितियों में इन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। प्रशासन की जांच के साथ ही इस धंधे से जुड़े लोगों के साथ ही उन्हें संरक्षण देने वाले भी जांच के दायरे में है।

इस मामले का एक गंभीर पहलू पशु अवशेषों की आड़ में अवैध कटान और पशु चोरी की गतिविधियां सामने आने के आरोप हैं। आशंका जताई जा रही है कि अवशेषों के निस्तारण की आड़ में नियमों को ताक पर रखकर दूसरे अवैध कार्य भी किए जा रहे हैं। प्रशासन की टीम की ओर से इन 17 स्थानों पर गतिविधियों, कारोबार से जुड़े लोगों और संबंधित दस्तावेजों की जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

जांच के बाद कार्रवाई पर नजर

प्रशासन की ओर से तैयार सूची उच्चाधिकारियों को भेजे जाने के बाद अब आगे की कार्रवाई को लेकर निगाहें टिकी हैं। स्थानीय लोगों की शिकायतों और सामने आए आरोपों के बीच अब नजर अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई पर टिकी हैं। जिलाधिकारी कविता मीना इस संबंध में आदेशित कर चुकी हैं कि बिना लाइसेंस और पालिका-प्रदूषण की एनओसी के बिना इनका संचालन नहीं होने दिया जाएगा।

हमारी टीम ने हापुड़ में जाकर जांच की है। अवैध गोदामों में खुले में सूख रहे पशु अवशेषों के कारण दुर्गंध फैल रही है। इसके आधार पर हम संबंधित विभागों के साथ मिलकर बैठक कर रहे हैं। किसी भी स्तर पर अवैध धंधों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। हम इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी और आरओ प्रदूषण को प्रेषित करेंगे।

- विपुल कुमार - एई - प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड

यह भी पढ़ें- हापुड़: आपकी थाली तक पहुंच रहा जहर, रात के सन्नाटे में पनीर और क्रीम में मिलाए जा रहे जानलेवा केमिकल