गढ़मुक्तेश्वर गंगा मेले में जमीन घेरने पहुंचे लोगों को पुलिस ने रोका, हुआ विरोध
गढ़मुक्तेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले से पहले ही कुछ लोग मनमर्जी से जमीन घेरने पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने रोक ...और पढ़ें

गढ़मुक्तेश्वर गंगा मेले में जमीन घेरने पहुंचे लोगों को पुलिस ने रोका ( एआई जेनरेटेड इमेज )
ध्रुव शर्मा, गढ़मुक्तेश्वर। कार्तिक पूर्णिमा मेला शुरू होने में अभी 12 दिन से अधिक का समय है, लेकिन कुछ लोग गंगा किनारे मेला स्थल पर अपनी मनमर्जी से जमीन घेरने के लिए पहुंच गए।
पुलिस ने मेला स्थल के बाहर ही ऐसे लोगों को रोक दिया। उन्होंने मेले में सुरक्षा एवं व्यवस्था पूरी नहीं होने की बात कहते हुए जमीन आवंटित करने की बात कही। इसके बाद बाहर से आए लोगों ने वहां विरोध शुरू कर दिया।
कार्तिक मेले की तैयारी शुरू
गढ़मुक्तेंश्वर में द्वापर युग से लगते चले आ रहे कार्तिक मेले की तैयारी शुरू हो चुकी है। मुख्य रास्ताें का लगभग निर्माण हो चुका है। मेला स्थल से फसल आदि हटाने का कार्य चल रहा है।
दस नवंबर से मेले में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाएगा, लेकिन कुछ लोग पूर्व की भांति इस वर्ष भी करीब एक माह पूर्व ही अपना डेरा लगाने के लिए पहुंच गए।
यह लोग गंगा के नजदीक बेहतर लोकेशन पर टीन शैड लगाकर जमीन को घेर लेते हैं। इनमें से कई लोग तो उसका व्यापारिक उपयोग तक करते हैं। इसी कड़ी में बुधवार को कुछ लोग ट्रैक्टर ट्रॉली एवं कार आदि में सामान लेकर वहां पहुंच गए।
लोगों को घुसने नहीं दिया गया
पुलिस ने मेला स्थल के बाहर ही लगे बैरिकेड़ के पास लोगों को रोक दिया और मेले में प्रवेश नहीं करने दिया गया। इसको लेकर वहां हंगामा हो गया।
बागपत खेकड़ा से आए अजित, अनुज, रोहित, संजय, मोदीनगर से आए दीपक चौधरी, आकाश, राजकुमार सहित करीब 50 से अधिक लोगों ने बताया कि वह प्रत्येक वर्ष करीब एक माह पूर्व मेला स्थल पर टीन शैड लगा देते हैं और दीपावली के बाद मेले में आ जाते हैं, लेकिन पुलिस अब मेले में नहीं घुंसने दे रही हैं।
उन्होंने बताया कि यहां मौजूद पुलिस कर्मी सिर्फ यह कह रहे हैं कि उच्च अधिकारियों का आदेश है कि मेले में मनमर्जी से जमीन पर किसी को भी टीन शैड नहीं लगाने दिए जाएं।
इस बीच पुलिस अधीक्षक मधुबन सिंह, सीओ राहुल यादव तथा कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट भी गंगा मेले का निरीक्षण करने पहुंच गए। लोगों ने एसपी से अपनी बात रखी, जिस पर उन्होंने लोगों से सीओ से वार्ता करने को कहा।
इस बार मेले को सुव्यवस्थित तरीके से लगाने की तैयारी की जा रही है। जमीन का चिन्हीकरण किया जा रहा है। यह लोग जमीन के चिन्हीकरण से पूर्व ही मेले में आ गए। ऐसे में इन लोगों को अभी मेले में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। जमीन चिन्हीकरण का कार्य पूर्ण होने के बाद सभी को मेले में प्रवेश दिया जाएगा। - राहुल यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी
मेले में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएंगी। सभी श्रद्धालुओं काे मेले में बेहतरीन सेवाएं मिलेंगी।- रेखा नागर हुण, जिला पंचायत अध्यक्षयह भी पढ़ें- छपरा में जमीन खरीदना होगा महंगा: नए सिरे से होगा सर्वे, अब 7 नई श्रेणियों में बंटेगी ग्रामीण भूमि
