प्लास्टिक के ड्रम काटने के दौरान हुआ हादसा, ब्लेड टूट कर पेट में लगा; मौत
एक शख्स मशीन से ड्रम काट रहा था। अचानक मशीन का ब्लेड टूट गया। टूट हुआ ब्लेड उसके पेट में जा लगा। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हापुड़, जेएनएन। धौलाना क्षेत्र के गांव खिंचरा में प्लास्टिक के ड्रम काटते समय मशीन का ब्लेड टूटकर कबाड़ी वाले को लग गई। घायल अवस्था में उसे असपताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। बाबूगढ़ के गांव भिकानपुर निवासी तीस वर्षीय फुरकान पुत्र मौबीन खिचरा में कबाड़ी की दुकान करता है।
इसके पास में ही उसका गोदाम है। इसमें प्लास्टिक के ड्रम काटकर कबाड़ा बनाया जाता है। रविवार को वह मशीन से ड्रम काट रहा था। अचानक मशीन का ब्लेड टूट गया। इसके बाद टूट हुआ ब्लेड उसके पेट में जा लगा। इससे वह बुरी तरह से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। साथ ही मौके पर काफी लोग एकत्रित हो गए। घायल को पहले रामा अस्पताल पिलखुवा में भर्ती कराया गया। वहां से हालात गंभीर जानकर उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच हर रही है। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक विशाल श्रीवास्तव का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।