विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़: गन्ना कटाई से पहले नवादा नहर पुल पर दिखे 5 तेंदुए, ग्रामीणों में खौफ के बाद प्रशासन अलर्ट

Published: Thu, 08 Oct 2026 11:38 AM (IST)

सिंभावली के नवादा नहर पुल के पास एक कार सवार ने एक साथ पांच तेंदुए देखे, जिससे इलाके में दहशत ...और पढ़ें

नवादा नहर पुल पर दिखे तेंदुए

नवादा नहर पुल पर दिखे तेंदुए

HighLights

  1. नवादा नहर पुल पर एक साथ पांच तेंदुए देखे गए

  2. कार सवार ने तेंदुओं का वीडियो बनाकर वन विभाग को सूचना दी

  3. वन विभाग की निष्क्रियता से ग्रामीण और किसान चिंतित हैं

संवाद सहयोगी, सिंभावली (हापुड़)। थाना क्षेत्र के नवादा नहर पुल के पास एक साथ पांच तेंदुए दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। तेंदुओं की वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद दहशत और बढ़ गई है। जहां एक तरफ वन विभाग लापरवाही बरत रहा है, दूसरी तरफ लोगों की जान जोखिम में है।

सिंभावली थाना क्षेत्र के दत्तियाना गांव के नाजिम पुत्र सलीम ने बताया कि वह बुधवार को कार से सिंभावली से अपने गांव लौट रहे थे। नवादा नहर पुल के पास पहुंचने पर सड़क किनारे उन्हें तेंदुए दिखाई दिए। उन्होंने कार रोककर लाइट की रोशनी में उनकी वीडियो क्लिप बनानी शुरू कर दी।

सड़क पर घूमते दिखे 5 तेंदुए

इसी दौरान उनकी नजर पड़ी तो सड़क पर एक-दो नहीं, बल्कि पांच तेंदुए घूमते दिखाई दिए। यह देखकर नाजिम के होश उड़ गए और वह कार लेकर दूसरे रास्ते से गांव की ओर निकल गए। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार तेंदुए दिखाई देने और उनकी वीडियो सामने आने के बावजूद वन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

भाकियू नेता अजय त्यागी, संजय त्यागी, सोनू त्यागी, जितेंद्र और मोनू आदि ने बताया कि कई बार वन विभाग के अधिकारियों को सूचना देने के साथ वीडियो भी उपलब्ध कराए गए, लेकिन टीम मौके पर पहुंचकर महज औपचारिकता पूरी कर लौट जाती है।

वन विभाग की लापरवाही

ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग को छोड़कर शायद सभी को तेंदुए दिखाई दे रहे हैं। अब गन्ने की कटाई का समय शुरू होने वाला है। ऐसे में किसानों और खेतों में काम करने वाले मजदूरों को तेंदुए के हमले का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में प्रभावी निगरानी बढ़ाने और तेंदुओं को पकड़ने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

'जिस मोबाइल से वीडियो बनाई गई है उसे फोटो लेकर जांच की जाएगी। वीडियो की सत्यता के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।'

-सचिन कुमार, उप-निरीक्षक वन विभाग

यह भी पढ़ें- सिंभावली रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, मालगाड़ी पर चढ़े युवक की हाईटेंशन लाइन से मौत