सिंभावली रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, मालगाड़ी पर चढ़े युवक की हाईटेंशन लाइन से मौत
सिंभावली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर एक युवक की मालगाड़ी के ऊपर चढ़कर हाईटेंशन लाइन छूने से मौत ...और पढ़ें

सिंभावली रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी पर चढ़े युवक की हाईटेंशन लाइन से मौत।
HighLights
सिंभावली स्टेशन पर मालगाड़ी पर चढ़ने से युवक की मौत।
हाईटेंशन लाइन छूने से हुआ दर्दनाक हादसा, पहचान नहीं।
पुलिस ने शव कब्जे में लिया, घटना की जांच जारी है।
संवाद सहयोगी, सिंभावली। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर कई दिन से खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़कर हाईटेंशन लाइन पकड़ने से करीब 30 वर्षीय युवक की झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद चौकी इंचार्ज आलोक कुमार, आरपीएफ केशर कुमार ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्टेशन मास्टर सुमित गौतम ने बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर एक मालगाड़ी स्विच ऑफ कर खड़ी थी। बृहस्पतिवार की शाम एक युवक ने मालगाड़ी के ऊपर चढ़कर हाईटेंशन लाइन को पकड़ लिया।
प्रयास के बाद भी शव की पहचान नहीं हो सकी
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और जीआरपी को दी। सूचना मिलते ही कस्बा चौकी प्रभारी आलोक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल आरपीएफ को भी हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से युवक के संबंध में जानकारी जुटाई, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसकी पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक मालगाड़ी के ऊपर किस उद्देश्य से चढ़ा था और उसने हाईटेंशन लाइन को क्यों पकड़ा, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है।
