हापुड़ में बदला इतिहास: 50 साल में पहली बार हाईवे हुआ जाम-फ्री, सुहाना होगा सफर
हापुड़ में ब्रजघाट पर 50 साल से चले आ रहे जाम की समस्या का पहली बार गंगा एक्सप्रेसवे पर रूट ...और पढ़ें
-1786625315507_m.webp)
हाईवे पर हो सकता है जाम-फ्री सफर। जागरण
ठाकुर डीपी आर्य, हापुड़। पांच दशक से जाम में फंसी हापुड़ की रफ्तार को पहली बार खुला रास्ता मिला है। ब्रजघाट पर गंगा स्नान पर्वों के दौरान लगने वाला 20-30 किलोमीटर लंबा जाम अब अतीत की बात बनने की उम्मीद जगा रहा है।
गंगा एक्सप्रेसवे पर रूट डायवर्जन के बाद हाईवे पर वाहनों की रफ्तार बनी रही तो लोगों के चेहरों पर राहत के साथ यह भरोसा भी नजर आया कि वर्षों से नासूर बने जाम का स्थायी समाधान संभव है। अब सवाल सिर्फ एक सफल डायवर्जन का नहीं, बल्कि इस व्यवस्था को नियमित और प्रभावी बनाए रखने का है।
हर पर्व पर जाम से मुक्ति चाहिए
आखिर लोगों को हर पर्व पर जाम से मुक्ति चाहिए, सिर्फ किसी एक दिन की राहत नहीं। गंगा एक्सप्रेसवे पर यातायात डायवर्जन के बाद हाईवे पर सफर जाम के झंझट से मुक्त होता दिखा, जिससे करीब पांच दशक से चले आ रहे जाम के सिलसिले के टूटने की उम्मीद जगी है।
गंगा एक्सप्रेसवे पर रूट डायवर्जन के बाद पहली बार हाईवे पर यातायात का दबाव कम हुआ और वाहनों की रफ्तार बनी रही। इस बदलाव ने न केवल राहगीरों को राहत दी, बल्कि यह उम्मीद भी जगाई कि पांच दशक पुराने जाम के नासूर का स्थायी इलाज संभव है।
घंटों तक फंसते थे वाहन
दरअसल, ब्रजघाट पर गंगा स्नान के दौरान दिल्ली-मेरठ और आसपास के जिलों से आने वाले वाहनों का दबाव बढ़ते ही हाईवे थम जाता था। देखते ही देखते वाहनों की कतार कई किलोमीटर तक पहुंच जाती थी। कई बार जाम 20 से 30 किलोमीटर तक फैलने से हजारों वाहन घंटों फंसे रहते थे।
प्रशासनिक स्तर पर डायवर्जन, पुलिस बल की तैनाती और यातायात प्रबंधन की तमाम कवायद के बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकल सका।
वैकल्पिक मार्ग मिलने से तस्वीर बदलती नजर आई
अब गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए यातायात को वैकल्पिक मार्ग मिलने से तस्वीर बदलती नजर आई है। पहली बार हाईवे पर वाहनों की गति बनी रहने से लोगों को महसूस हुआ कि ब्रजघाट का जाम अजेय नहीं है। हालांकि, एक दिन की राहत को स्थायी सफलता मानने के बजाय चुनौती अब इस व्यवस्था को नियमित, व्यावहारिक और प्रभावी बनाए रखने की है।
पांच दशक का सवाल अब प्रशासन के सामने है, क्या गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए हर गंगा स्नान पर्व पर हापुड़ को जाम से स्थायी मुक्ति दिलाई जा सकेगी? लोगों को अब किसी एक पर्व की राहत नहीं, बल्कि हर पर्व पर जाममुक्त सफर की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- गंगा एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ेगा जेवर एयरपोर्ट, लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण में आई तेजी
अब हर जरूरत के समय गंगा एक्सप्रेसवे से निकाला जाएगा ट्रैफिक
गंगा स्नान पर्व हो या किसी अन्य मौके पर हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़े, प्रशासन अब गंगा एक्सप्रेसवे को वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल कर सकेगा। रूट डायवर्जन के सफल प्रयोग के बाद उम्मीद जगी है कि जरूरत के मुताबिक भारी यातायात को एक्सप्रेसवे पर शिफ्ट कर हाईवे को जाम से बचाया जा सकता है। इससे ब्रजघाट समेत हापुड़ की सीमा में हाईवे पर यातायात का दबाव नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी।
