- जिलाधिकारी ने पालिकाध्यक्ष से मांगा जवाब
संवाद सहयोगी पिलखुवा नगर पालिकाध्यक्ष गीता गोयल पर छाए काले बादल छंटने का नाम नहीं ले र
संवाद सहयोगी, पिलखुवा:
नगर पालिकाध्यक्ष गीता गोयल पर छाए काले बादल छंटने का नाम नहीं ले रहे हैं। उनके पति पर पालिका कार्यों में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाने के बाद जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी की जांच रिपोर्ट पर जवाब तलब किया है। पालिकाध्यक्ष को इस बावत आज यानि मंगलवार तक अपना पक्ष जिलाधिकारी के समक्ष रखना है। हालांकि इस बावत पालिकाध्यक्ष का कहना है कि जिलाधिकारी द्वारा जवाब तलब करने का मामला उनके संज्ञान में नहीं है।
पिछले दिनों नगर पालिका परिषद के 24 सभासदों ने पालिकाध्यक्ष गीता गोयल के पति मनोज गोयल पर आरोप लगाया था कि वह पालिका के कार्यों में हस्तक्षेप करते हैं। राजस्व संबंधित कार्यों को लेकर अक्सर पालिका कर्मियों को धमकाया जाता है। पालिकाध्यक्ष पति के कारण पालिका कर्मी और पालिका बोर्ड परेशान हैं। इस कारण शहर के विकास कार्य लंबित पड़े हैं। सभासदों ने मामले में जिलाधिकारी से शिकायत कर जांच कराने की मांग की थी, जिस पर जिलाधिकारी अदिति सिंह ने उपजिलाधिकारी धौलाना विशाल यादव को जांच सौंपी थी। 27 जुलाई को उपजिलाधिकारी विशाल यादव ने अपनी जांच रिपोर्ट बनाकर जिलाधिकारी को भेजी, जिसपर 28 जुलाई को जिलाधिकारी ने पालिकाध्यक्ष को नोटिस भेजकर चार अगस्त तक जवाब तलब किया है। पालिकाध्यक्ष को आज यानि मंगलवार तक अपना जवाब जिलाधिकारी कार्यालय में जवाब प्रस्तुत करना होगा। संतोषजनक जवाब नहीं होने पर पालिकाध्यक्ष की मुश्किलें बढ़ने से इन्कार नहीं किया जा सकता है।
इस मामले में पालिकाध्यक्ष गीता गोयल का कहना है कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं है। उनका लेखाधिकारी त्योहार होने के कारण छुट्टी पर है। यदि कोई जवाब मांगा गया है तो उसका जवाब दिया जाएगा। पालिका के कार्यों में उनके पति का कोई हस्तक्षेप नहीं हैं। यह आरोप निराधार है। पालिका के अधिशासी अधिकारी विकास कुमार का कहना है कि इस तरह का कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि जिलाधिकारी के पास से ऐसा कोई पत्र आया है तो उसकी जांच कराई जाएगी।