हापुड़ में एक लाख का इनामी बदमाश रोहित गिरफ्तार, एनएच-09 पर की थी 73 हजार की लूट
पिलखुवा में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर 73 हजार रुपये की लूट करने वाले एक लाख रुपये के इनामी बदमाश रोहित को ...और पढ़ें

हापुड़ में हाइवे पर 73 हजार रुपये लूटने वाला एक लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार।
HighLights
एक लाख के इनामी बदमाश रोहित को किया गिरफ्तार।
एनएच-09 पर 73 हजार रुपये की लूट का आरोपी।
रोहित पर पांच जिलों में 27 मुकदमे दर्ज।
जागरण संवाददाता, हापुड़। पिलखुवा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर वर्ष 2025 में हथियारों के बल पर 73 हजार रुपये की लूट करने वाले एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को एसटीएफ लखनऊ और पिलखुवा पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। बदमाश पिछले एक वर्ष से फरार चल रहा था।
उसकी गिरफ्तारी पर मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने उसे पिलर नंबर-20 के पास से दबोचकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार बदमाश जिला बुलंदशहर के थाना खुर्जा क्षेत्र के विकास नगर का रोहित है।
पिलखुवा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि आठ जून 2025 की रात रोहित ने अपने साथियों के साथ मिलकर पिलखुवा क्षेत्र स्थित एनएच-09 पर गढ़मुक्तेश्वर के योगेंद्र को हथियारों के बल पर रोक लिया था। बदमाशों ने उससे 73 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पिलखुवा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान रोहित की संलिप्तता सामने आने पर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए गए, लेकिन वह लगातार फरार रहा। बाद में उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया था। पुलिस द्वारा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ लखनऊ और पिलखुवा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।
पिलर नंबर-20 के पास घेराबंदी कर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने पिलर नंबर-20 के पास घेराबंदी कर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। रोहित शातिर किस्म का बदमाश है। उसके खिलाफ हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 27 मुकदमे दर्ज हैं।
कई मामलों में वह पहले भी जेल जा चुका है और विभिन्न जिलों की पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। इस कार्रवाई में पिलखुवा थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल चौहान, उपनिरीक्षक सुशील कुमार, कांस्टेबल सुनील कुमार और सौरभ कुमार के साथ एसटीएफ लखनऊ के निरीक्षक ओम शंकर शुक्ला, निरीक्षक घनश्याम यादव तथा उनकी टीम शामिल रही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।