सुबह से शाम तक जाम, लोग परेशान
शहर की यातायात व्यवस्था सोमवार को एक बार फिर धड़ाम हो गई। तहसील चौपला पर एकाएक वाहनों का दवाब बढ़ने से भीषण जाम लग गया। शाम तक यहीं स्थिति रही। आलम यह था कि यातायात पुलिसकर्मी किसी तरह जाम खुलवाते, लेकिन फिर से वाहनों की लंबी कतार लग जाती। वाहनों के जाम में फंसकर लोगों का हाल-बेहाल हो गया था।
जागरण संवाददाता, हापुड़
शहर की यातायात व्यवस्था सोमवार को एक बार फिर धड़ाम हो गई। तहसील चौपला पर एकाएक वाहनों का दवाब बढ़ने से भीषण जाम लग गया। शाम तक यही स्थिति रही। आलम यह था कि यातायात पुलिसकर्मी किसी तरह जाम खुलवाते, लेकिन फिर से वाहनों की लंबी कतार लग जाती। वाहनों की लंबी कतार में फंसकर लोगों का हाल-बेहाल हो गया था।
रविवार को छुट्टी के बाद सोमवार सुबह करीब 11 बजे तहसील चौपला पर वाहनों का दवाब अचानक बढ़ गया। कुछ ही देर में बुलंदशहर रोड, फ्रीगंज रोड, कचहरी रोड के अलावा गढ़-दिल्ली रोड पर वाहनों की लंबी-लंबी कतार लग गई थी। स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोगों का जाम के दौरान पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था। कई वाहन चालकों की आगे निकलने को लेकर आपस में कहासुनी हुई। अन्य लोगों ने मामला शांत कराया। जाम में फंसे स्कूली बच्चों का बुरा हाल हो गया था।
लोगों का कहना था कि शहर के प्रमुख चौपला के पास ई-रिक्शा और थ्री-व्हीलर बेतरतीब ढंग से खड़े रहते हैं। अक्सर यही जाम का कारण बनते हैं। उसके बाद भी यातायात पुलिस और प्रशासन इन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए तैयार नहीं है। इसलिए शहर से जाम की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
आलम यह था कि यातायात पुलिसकर्मी किसी तरह जाम खुलवाते, लेकिन कुछ ही देर में फिर जाम लग जाता। शाम तक शहर में यहीं स्थिति बनी रही। पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम लग गया था। यातायात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया है कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाई जाए।