विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ के ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा से मना गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:18 PM (IST)

हापुड़ के सिंभावली स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर गुरु नानक देव को नमन किया और उनके बताए सेवा, समानता व भाईचारे के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

हस्तिनापुर में ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब। जागरण

हस्तिनापुर में ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब। जागरण

जागरण संवाददाता, हापुड़। सदियों पुरानी आस्था और इतिहास के साक्षी सिंभावली के गांव हबिसपुर विगास स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में मंगलवार को गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में सिख संगत और अन्य श्रद्धालु गुरुद्वारे पहुंचे। सभी ने मत्था टेककर गुरु नानक देव को नमन किया और उनके बताए सेवा, समानता व भाईचारे के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा परिसर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। गुरुवाणी और शबद-कीर्तन से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारे में अरदास की और गुरु का नाम सिमरन किया।

इस दौरान गुरुद्वारे परिसर में मौजूद ऐतिहासिक बरगद के वृक्ष के नीचे भी श्रद्धालु बैठे और गुरुनाम का सिमरन किया। मान्यता है कि इसी वृक्ष के नीचे गुरु नानक देव ने अपनी यात्रा के दौरान विश्राम और तपस्या की थी।

श्रद्धालुओं ने उस ऐतिहासिक सरोवर के दर्शन कर भी शीश नवाया, जिसके बारे में मान्यता है कि गुरु नानक देव ने यहां स्नान किया था।

सदियों पुराना बरगद और सरोवर आज भी गुरु नानक देव की इस क्षेत्र से जुड़ी स्मृतियों को जीवंत किए हुए हैं। प्रकाश पर्व पर यहां पहुंची संगत के लिए यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अपने इतिहास और गुरु की विरासत से जुड़ने का अवसर भी रहा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।