विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ में मोबाइल चोरी के शक में युवक को दी तालिबानी सजा, खेत ले जाकर बेरहमी से पीटा

Published: Mon, 09 Feb 2026 11:55 AM (IST)

हापुड़ में मोबाइल चोरी के शक में एक युवक को घर से बुलाकर खेतों में बेरहमी से पीटा गया। दस्तोई ...और पढ़ें

HighLights

  1. मोबाइल चोरी के शक में युवक को बेरहमी से पीटा गया।

  2. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।

  3. हापुड़ पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू की।

केशव त्यागी, हापुड़। जिले में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देता एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दस्तोई रोड स्थित आदर्श नगर कॉलोनी के पास कुछ लोगों ने मोबाइल चोरी के शक में एक युवक को घर से बुलाकर खेत ले जाकर अमानवीय तरीके से पीटा।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। वीडियो को देखकर लोगों में आक्रोश फैल रहा है। उधर, पुलिस वीडियो में दिख रहे आरोपितों की तलाश कर रही है।

Hapur Khbar Update

आदर्श नगर कॉलोनी के पास युवक से मारपीट करते लोग। फोटो- वीडियो ग्रैब

जानकारी के अनुसार, कुछ लोग युवक पीड़ित को किसी बहाने उसके घर से बाहर बुलाकर सुनसान खेतों में ले गए। वहां उस पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाते हुए उसे जबरन मुर्गा बनाया गया। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक की पीठ के ऊपर ईंट रखकर लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की जा रही है।

युवक को दी करंट की धमकी

इतना ही नहीं, आरोपित युवक को करंट देने की धमकी भी देते सुनाई दे रहे हैं। पूरी घटना को आरोपितों ने खुद ही मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

लोगों का कहना है कि इस तरह कानून को हाथ में लेने की घटनाएं समाज के लिए खतरनाक संकेत हैं और इससे आम जनता में भय का माहौल बनता है। सोमवार सुबह वीडियो वायरल होते ही पुलिस सक्रिय हो गई।

नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वीडियो के आधार पर पीड़ित और आरोपितों की पहचान की जा रही है। घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।