हापुड़ में महिला की निजी तस्वीरें प्रसारित कर धमकाया, विरोध करने पर मारपीट
हापुड़ में एक महिला की निजी तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने और विरोध करने पर मारपीट का मामला सामने आया है।

हापुड़ में महिला की निजी तस्वीरें प्रसारित कर धमकाया ( एआई इमेज )
HighLights
महिला की निजी तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कीं।
विरोध करने पर पीड़िता और पति को धमकाया, मारपीट की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
केशव त्यागी, हापुड़। कोतवाली नगर क्षेत्र के एक मोहल्ले की महिला की निजी तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है।
आरोप है कि उसके पूर्व परिचित ने तस्वीरें प्रसारित करने के साथ ही उसके पति और बच्चों को हत्या की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पति ने की शिकायत
नगर के एक मोहल्ले की महिला ने बताया कि पहले उसकी गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव त्यौड़ी के मस्कूर से दोस्ती थी। इस दौरान उसकी कुछ निजी तस्वीरें मस्कूर के पास थीं।
अब उसका मस्कूर से कोई संबंध नहीं है, लेकिन आरोपित ने उसकी निजी तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दीं। आरोप है कि उसके पति ने इस संबंध में मस्कूर से शिकायत की तो उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
आरोपित ने यह भी धमकाया कि उसके पास महिला की अन्य आपत्तिजनक तस्वीरें भी हैं, जिन्हें वह प्रसारित कर देगा।
पति और बच्चों को दे रहा जान से मारने की धमकी
उसने मस्कूर की बहन गुड्डी से शिकायत की तो उसने भी उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। आरोप है कि मस्कूर उसे और उसके पति और बच्चों को भी बार-बार जान से मारने की धमकी दे रहा है।
इससे वह मानसिक रूप से परेशान है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। घटना के संबंध में उसने नगर कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
