हापुड़ में दहेज के लिए विवाहिता पर चलाई गोली, फॉर्च्यूनर की कर रहे थे मांग; ससुर पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
हापुड़ में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को ससुराल वालों ने प्रताड़ित किया। पति ने राइफल ...और पढ़ें

ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता के साथ मारपीट करते हुए उसका उत्पीड़न किया।
HighLights
दहेज में फॉर्च्यूनर कार और विला की मांग।
पति ने विवाहिता पर राइफल से गोली चलाई।
ससुर पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप दर्ज।
जागरण संवाददाता, हापुड़। अतिरिक्त दहेज में फार्च्यूनर कार और गाजियाबाद के वेव सिटी में विला की मांग पूरी न करने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता के साथ मारपीट करते हुए उसका उत्पीड़न किया। इतना ही नहीं पति ने जान से मारने की नीयत से पत्नी पर राइफल से फायर कर दिया।
वहीं विवाहिता ने ससुर पर कपड़े फाड़कर उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। वहीं ननद पर भी जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में देहात पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
देहात थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली विवाहिता ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसका विवाह 17 फरवरी 2023 को अतराड़ा गांव के रहने वाले युवक के साथ हुआ था। शादी में स्वजन ने करीब 80 लाख रुपये कर्च किए थे। शादी में दिए गए दान दहेज से ससुराल पक्ष के लोग खुश नहीं थे।
पति दहेज में एक फार्च्यूनर, सास, ससुर और ननद वेव सिटी में एक विला की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाने लगी। विवाहिता ने आरोप लगाया है कि उसकी ननद ने अपने पिता की लाइसेंसी राइफल लेकर उसे जान से मारने की धमकी दी। 21 जनवरी 2024 को पति, ससुर, सास व ननद ने प्रार्थनी को जान से मारने की नियत से कमरे में बंद कर आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी प्रकार बचकर मकान के बाहर आई और शोर मचा दिया।
मौके पर पहुंचे मोहल्ले के रहने वाले लोगों ने उसे बचाया। इतना ही नहीं 29 अक्टूबर 2025 को उसका पति शराब पीकर आया और राइफल से उस पर फायर कर दिया। जिसमें वह बाल-बाल बच गई। स्वजन को ससुराल पक्ष के लोगों ने आश्वासन दिया कि अब दोबारा नहीं होगा। लेकिन वह नहीं माने और उसका उत्पीड़न करते रहे।
थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि मामले में आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
