हापुड़ के बाबूगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रैक्टर और टेंपो की भिड़ंत में महिला की मौत; 7 घायल
हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र में मुदाफरा-गोहरा मार्ग पर ट्रैक्टर और टेंपो की भिड़ंत में एक महिला की मौत हो गई, ...और पढ़ें

हापुड़ में एक्सीडेंट। फोटो: सांकेतिक
HighLights
मुदाफरा-गोहरा मार्ग पर ट्रैक्टर-टेंपो की टक्कर
हादसे में एक महिला की मौत, सात घायल
महिलाएं असौड़ा कोल्ड स्टोर से लौट रही थीं
जागरण संवाददाता, बाबूगढ़। क्षेत्र के गांव मुदाफरा से गोहरा जाने वाले मार्ग पर सोमवार देर सायं ट्रैक्टर और टेंपो की भिड़ंत में एक महिला की मौत हो गई, जबकि सात अन्य महिलाएं घायल हो गईं।
सभी महिलाएं असौड़ा स्थित कोल्ड स्टोर में काम करने के बाद टेंपो से अपने गांव मुदाफरा लौट रही थीं। हादसे में गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय जगवीरी को मेरठ मेडिकल कालेज रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
ट्रैक्टर-टेंपो की भिड़ंत में महिला की मौत
पुलिस के अनुसार, सोमवार को ग्राम मुदाफरा से गोहरा जाने वाले रास्ते पर ट्रैक्टर और टेंपो की भिड़ंत हो गई। हादसे में जगवीरी पत्नी मुकुट के पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि टेंपो में सवार सात अन्य महिलाएं भी घायल हो गईं।
सात घायल महिलाओं का अस्पताल में उपचार
घायलों में सविता पत्नी विक्रम, सविता पत्नी लोकेश, जयवती पत्नी सोनू, मंगलो पत्नी मंगल, रितु पत्नी उमेश, सुशीला पत्नी शोभाराम और ओमवती पत्नी जबर सिंह शामिल हैं। सभी महिलाएं ग्राम मुदाफरा की रहने वाली हैं। उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ट्रैक्टर और टेंपो पुलिस ने कब्जे में लिए
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर और टेंपो को कब्जे में लेकर चौकी पर खड़ा करा दिया है। ट्रैक्टर ग्राम गोहरा का कपिल चला रहा था। पुलिस के अनुसार, मृतका के स्वजन से तहरीर प्राप्त कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
