विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ में फाइनेंस व चोरी के वाहन बेचकर ठगी करने का मामला, कोर्ट के आदेश पर तीन पर FIR

Published: Tue, 17 Mar 2026 08:18 AM (GMT+05:30)

हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में चोरी और फाइनेंस के वाहन बेचकर ठगी करने का मामला सामने आया है। बहराइच ...और पढ़ें

चोरी व फाइनेंस के वाहन बेचकर ठगी करने का मामला। (AI Generated Image)

चोरी व फाइनेंस के वाहन बेचकर ठगी करने का मामला। (AI Generated Image)

HighLights

  1. चोरी व फाइनेंस के वाहन बेचकर ठगी का आरोप।

  2. न्यायालय के आदेश पर तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज।

  3. बाबूगढ़ पुलिस कर रही है मामले की गहन जांच।

जागरण संवाददाता, हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव आयादनगर के आरोपित उसके दो साथियों पर जिला बहराइच के काजीपुरा के एक व्यक्ति ने चोरी और फाइनेंस के वाहनों की खरीद-फरोख्त कर लोगों से ठगी करने का आरोप लगाया है।

मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इंसाफ के लिए पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। अब न्यायालय के आदेश पर थाना बाबूगढ़ पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में जिला बहराइच के काजीपुरा के शाहिद अहमद ने बताया कि उनके ही मोहल्ले का मशकूर, थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के आयादनगर का पंकज शर्मा और जिला गाजियाबाद के प्रताप विहार सेक्टर 11 का इजराइल खान आपस में मिलकर एक गिरोह बनाकर चोरी और फाइनेंस के वाहनों को खरीदकर भोले-भाले लोगों को बेचने का काम करते हैं।

खुद को मालिक बताकर बेचा वाहन

आरोप है कि पंकज ने वाहन संख्या यूपी-37 बी-5936 का स्वयं को मालिक बताकर 18 नवंबर 2014 को इजराइल खान को करीब 4.75 लाख रुपये में बेच दिया। इसके बाद इजराइल खान ने 20 अगस्त 2021 को उसी वाहन को मशकूर खान को दो लाख रुपये में बेच दिया। बाद में मशकूर खान ने यह वाहन पीड़ित को बेच दिया।

कुछ समय बाद पीड़ित को पता चला कि वाहन चोरी का है। इस पर उसने मशकूर खान से वाहन वापस लेने और अपने 2.50 लाख रुपये लौटाने को कहा। आरोप है कि मशकूर खान वाहन वापस ले गया और इस संबंध में स्टांप पेपर पर इकरारनामा भी तैयार हुआ, लेकिन बाद में उसके खिलाफ ही अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज करा दिया गया।

जांच में जुटी पुलिस

आरोप है कि आरोपियों ने मिलकर उसके साथ धोखाधड़ी की है। पीड़ित ने इसकी शिकायत थाना बाबूगढ़ पुलिस और अधिकारियों से भी शिकायत की थी। मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई।

थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप चौहान ने बताया कि मामले में न्यायालय के आदेश पर उक्त तीनों आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है । पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में सरकारी नौकरी के नाम पर 10.80 लाख की ठगी, डीआईजी ने दिए जांच के आदेश