विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ में अश्लील फोटो खींचकर किशोरी को ब्लैकमेल करने का आरोप, दो युवकों पर दुष्कर्म की रिपोर्ट

Published: Wed, 30 Sep 2026 06:42 PM (IST)

हापुड़ में 17 वर्षीय किशोरी को अश्लील फोटो खींचकर ब्लैकमेल करने और दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ...और पढ़ें

किशोरी को ब्लैकमेल करने और धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला। (एआई जेनरेटेड इमेज)

किशोरी को ब्लैकमेल करने और धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला। (एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. हापुड़ में 17 वर्षीय किशोरी को ब्लैकमेल कर दुष्कर्म का आरोप।

  2. अश्लील फोटो खींचकर बदनाम करने की धमकी दी गई।

  3. पुलिस ने दो आरोपितों कासिफ और महताब पर केस दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, हापुड़। अश्लील फोटो खींचकर 17 वर्षीय किशोरी को ब्लैकमेल करने और धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर बाबूगढ़ पुलिस ने दो आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोप है कि आरोपित किशोरी को फोटो प्रसारित कर बदनाम करने और जान से मारने की धमकी देते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस में दी तहरीर में थाना सिंभावली क्षेत्र के एक गांव के व्यक्ति ने बताया कि वह भूमिहीन है और परिवार के साथ किसानों के खेतों में मजदूरी कर जीवन यापन करता है। गांव में मजदूरी का काम कम होने के कारण वह अमरोहा में खेतों पर मजदूरी करता है। उसकी 17 वर्षीय बेटी मटर की तुड़ाई के दौरान अपनी बड़ी बहन के पास रहकर काम कर रही थी।

किशोरी के आपत्तिजनक फोटो खींच लिए

मटर के खेत में काम करने वाले कासिफ ने मौका पाकर किशोरी के आपत्तिजनक फोटो खींच लिए। आरोप है कि बाद में वह फोटो दिखाकर किशोरी पर बातचीत करने का दबाव बनाने लगा और फोटो प्रसारित कर बदनाम करने की धमकी दी। बदनामी के डर से किशोरी तनाव में रहने लगी।

आरोप है कि कासिफ ने धमकी देकर किशोरी के साथ कई बार दुष्कर्म किया। कासिफ के साथी महताब ने भी किशोरी के फोटो अपने मोबाइल में रख लिए और उसे ब्लैकमेल कर अपने फार्म के खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। 12 सितंबर को कासिफ किशोरी को फोन करके हापुड़ के रेलवे रोड स्थित एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ दोबारा दुष्कर्म किया।

किशोरी अपनी बहन के पास पहुंची और काफी गुमसुम रही

अगले दिन किशोरी अपनी बहन के पास पहुंची और काफी गुमसुम रही। बाद में उसने फोन पर अपनी मां को पूरी घटना बताई। थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर कासिफ और महताब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- हापुड़ में लेखपालों ने छोड़ा अतिरिक्त सर्किल का काम, किसानों-ग्रामीणों के प्रमाण पत्र और नाप-जोख का काम बंद