हापुड़ में ट्रेन की चपेट में आने से किशोर की मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला शव; जांच में जुटी पुलिस
हापुड़ में मुरादाबाद-दिल्ली रेलवे लाइन पर एक 14 वर्षीय किशोर की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। रविवार को रेलवे ट्रैक पर शव मिलने के बाद पुलिस ने मृतक की पहचान सोहाम के रूप में की।

हापुड़ में रेलवे ट्रैक पर शव मिलने के बाद जांच करती पुलिस। फाइल फोटो - जागरण
HighLights
हापुड़ में 14 वर्षीय किशोर की ट्रेन से कटकर मौत।
मुरादाबाद-दिल्ली रेलवे लाइन पर मिला किशोर का शव।
मृतक की पहचान सोहाम पुत्र ललित जाट के रूप में हुई।
जागरण संवाददाता, हापुड़। हापुड़ में मुरादाबाद-दिल्ली रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। रविवार को रेलवे ट्रैक पर खंभा नंबर 23 के पास किशोर का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल की। मृतक की पहचान थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव श्यामपुर निवासी सोहाम पुत्र ललित जाट के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रेलवे लाइन पर खंभा नंबर 23 के पास एक किशोर का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी ली तो उसके पास से एक स्टडी बुक बरामद हुई।
किशोर की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, किताब पर दिनेश विद्यापीठ का नाम अंकित था। इसके आधार पर पुलिस ने किशोर की पहचान के प्रयास किए। बाद में उसकी पहचान सोहाम पुत्र ललित जाट निवासी गांव श्यामपुर के रूप में हुई। उसकी उम्र करीब 14 वर्ष बताई गई है।
किशोर की मौत की सूचना मिलते ही स्वजन में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, किशोर रेलवे ट्रैक तक किन परिस्थितियों में पहुंचा और हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
चौकी इंचार्ज सूरजपाल सिंह ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से किशोर की मौत हुई है। मृतक की पहचान सोहाम पुत्र ललित जाट निवासी श्यामपुर के रूप में हुई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।