हापुड़ में 14-15 नवंबर को सजेगा 'साहित्यम महापर्व 2026', जीशान कादरी और सईद अंसारी होंगे शामिल
हापुड़ में 14 और 15 नवंबर को एसएसवी पीजी कॉलेज में 'साहित्यम महापर्व 2026' का आयोजन होगा, जिसमें देशभर के साहित्यकार, कवि और लेखक शामिल होंगे।

HighLights
हापुड़ में 14-15 नवंबर को 'साहित्यम महापर्व 2026' का आयोजन।
देशभर के साहित्यकार, कवि, लेखक और शिक्षाविद् होंगे शामिल।
पुस्तक लोकार्पण, कवि सम्मेलन, मुशायरा व नाट्य प्रस्तुति मुख्य आकर्षण।
संवाद सहयोगी, हापुड़। हापुड़ की साहित्यिक पहचान को राष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से 14 और 15 नवंबर को एसएसवी पीजी कालेज में 'साहित्यम महापर्व 2026' का आयोजन होगा।
गुरुवार को गढ़ रोड स्थित प्रयाग हॉस्पिटल में आयोजित प्रेसवार्ता में हापुड़ साहित्य समिति के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की जानकारी दी। समिति के अध्यक्ष इंदु भूषण मित्तल ने बताया कि महोत्सव में देशभर के साहित्यकार, कवि, शायर, लेखक और शिक्षाविद शामिल होंगे।
संस्थापक ने क्या बताया?
संस्थापक एवं निदेशक महेश वर्मा ने बताया कि उद्घाटन समारोह में जिलाधिकारी कविता मीणा, फिल्म लेखक एवं अभिनेता जीशान कादरी और वरिष्ठ समाचार प्रस्तोता सईद अंसारी को आमंत्रित किया गया है। दो दिवसीय आयोजन में पुस्तक लोकार्पण, साहित्यिक परिचर्चा, कवि सम्मेलन, मुशायरा, नाट्य प्रस्तुति, ओपन माइक और कठपुतली शो होंगे।
विद्यार्थियों के लिए साहित्यम कैफे आयोजित किया जाएगा। दूसरे दिन करीब 40 कवियों का विशेष सम्मेलन होगा। कॉपीराइट और रॉयल्टी पर भी चर्चा होगी। डॉ. श्याम कुमार ने कहा कि साहित्य समाज की सांस्कृतिक पहचान है।
कोषाध्यक्ष राकेश कुमार ने नगरवासियों से महोत्सव में भाग लेने की अपील की। प्रेसवार्ता में डा. योगेश कुमार गोयल, वरुण मित्तल, प्रभात कुमार सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।