आइसक्रीम-बर्फ से लेकर कटे फल और बासी खाने तक... करें परहेज, भीषण गर्मी में छोटी चूक कर देगी बीमार
भीषण गर्मी के इस मौसम में बीमारियों से बचने के लिए खानपान में सावधानी बरतने और बासी व कटे-फटे फल-सब्जियों से परहेज करने की सलाह दी गई है।

HighLights
बासी, कटे फल-सब्जी और बाजार की चीजों से बचें।
फ्रिज का ठंडा पानी और आइसक्रीम का सेवन न करें।
मच्छरों से बचाव हेतु मच्छरदानी उपयोग करें, सफाई रखें।
संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर: भीषण गर्मी के इस मौसम में जरा सी चूक भी सेहत का मिजाज बिगाड़कर बीमार कर सकती है, इसलिए खानपान में पूरी तरह अहतियात बरतते हुए सड़े कटे फल सब्जी और बासी खाने से परहेज रखें।
इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ने के साथ ही पसीने छूटने का दौर चल रहा है। यह मौसम संक्रामक बीमारियों से जुड़ा माना जाता है, जिसमें जरा सी चूक बीमारी का कारण बन जाती है।
सीएचसी प्रभारी डॉक्टर शशि भूषण सिंह का कहना है कि भीषण गर्मी के दौर में बीमार होने का खतरा सर्वाधिक बढ़ जाता है, इसलिए पूरी तरह सावधान रहना ही बीमारी से बचाव का सर्वोत्तम उपाय है।
उन्होंने बताया कि दोपहर के समय घर से बाहर निकलने के दौरान सिर पर अवश्य ही कपड़ा रखें और फ्रिज का अधिक ठंडा पानी भी न पिएं।
बाजार में बिकने वाली खाद्य सामग्री से दूर रहने के साथ ही सड़े कटे फल सब्जी और बासी खाद्य सामग्री का इस्तेमाल भी बिल्कुल न करें। क्योंकि इससे पेट में संक्रमण फैलने का खतरा सर्वाधिक रहता है।

बाजार की आइसक्री और बर्फ भी कर सकते हैं बीमार
शशि भूषण का कहना है कि बाजार में बिकने वाली आइसक्रीम बर्फ से भी दूर रहें, क्योंकि इस बर्फ में उपयोग होने वाला पानी अधिकतर शुद्ध न होने से गला और जलजनित बीमारियों का अहम कारण बन जाता है।
उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में छोटे बच्चे आइसक्रीम को देखते ही उसकी जिद करने लगते हैं, जिसे लाड-प्यार में स्वजन पूरा कर देते हैं। परंतु उन्हें यह ख्याल जरूर रखना होगा कि यह आइसक्रीम उनके लाडले की सेहत को बिगाड़ कर बीमार भी कर सकती है।
उन्होंने बताया कि इस सबके अलावा गर्मी और वर्षा के मौसम में फैलने वाली बीमारियों का सबसे प्रमुख कारण मच्छर साबित होते हैं, जिनसे बचाव के लिए रात में मच्छरदानी का उपयोग करें और घर समेत आसपास में पानी भी एकत्र न होने दें और साफ सफाई जरूर रखे।