मिशन शक्ति: हापुड़ में छात्रा निधि बनी एक दिन की जिलाधिकारी, सुनीं महिलाओं की फरियादें
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की कक्षा सात की छात्रा निधि ने मिशन शक्ति अभियान के तहत एक दिन के लिए सांकेतिक जिलाधिकारी की भूमिका निभाई।

हापुड़ में छात्रा निधि बनी एक दिन की जिलाधिकारी ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
छात्रा निधि ने एक दिन की सांकेतिक जिलाधिकारी बनीं।
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की शिकायतें सुनीं।
बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता और जागरूकता विकसित करने का उद्देश्य।
केशव त्यागी, हापुड़। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की कक्षा सात की छात्रा निधि ने एक दिन की सांकेतिक जिलाधिकारी बनकर महिलाओं की फरियाद सुनी और उन्हें समाधान के रास्ते सुझाए।
मिशन शक्ति अभियान के पांचवें चरण के तहत मिली इस जिम्मेदारी ने निधि को प्रशासनिक कामकाज समझने और नेतृत्व क्षमता दिखाने का अवसर दिया।
निधि ने दिए अधिकारियों को निर्देश
जिलाधिकारी कविता मीना की अध्यक्षता में हुई इस पहल के तहत छात्रा निधि को कलक्ट्रेट में जनसुनवाई का अनुभव कराया गया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से संबंधित शिकायतें सुनीं और उनके निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
एक दिन की जिलाधिकारी के रूप में निधि ने केवल शिकायतें ही नहीं सुनीं, बल्कि महिला सुरक्षा और बालिकाओं के हितों से जुड़े विषयों पर भी जानकारी ली। निधि ने मिशन शक्ति के तहत संचालित महिला सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा की।
साथ ही कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस पहल के माध्यम से उन्हें समझने का अवसर मिला कि महिलाओं की समस्याओं के समाधान और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में प्रशासन की क्या भूमिका है।
बेटियां किसी से कम नहीं
जिलाधिकारी कविता मीना ने कहा कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं। कस्तूरबा गांधी विद्यालयों की बेटियां आत्मनिर्भर बनकर देश का भविष्य बनेंगी। निधि जैसी छात्राएं पूरे जनपद का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने छात्रा को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मिशन शक्ति अभियान के तहत की गई इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें महिला सुरक्षा, अपने अधिकारों और प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति जागरूक करना है।
यह भी पढ़ें- राघोपुर नाव हादसा: 13 बच्चों की मौत के बाद प्रशासन का एक्शन, CO और थानाध्यक्ष के वेतन पर रोक
