विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मिट्टी में मिल गया सपा नेता अय्यूब सिद्दीकी का आलीशान घर, बुलडोजर चलता देख पत्नी की बिगड़ी तबीयत

Published: Thu, 14 May 2026 06:38 PM (IST)

हापुड़ में जिला प्रशासन ने समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अय्यूब सिद्दीकी के दो मंजिला मकान को सरकारी तालाब की ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सपा नेता अय्यूब सिद्दीकी का मकान बुलडोजर से गिराया गया।

  2. सरकारी तालाब की भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप था।

  3. कार्रवाई के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

जागरण संवाददाता, हापुड़। हापुड़ में जिला प्रशासन की टीम ने कोतवाली क्षेत्र के गांव अमीपुर नंगौला में बुधवार को सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अय्यूब सिद्दीकी के दो मंजिला मकान को बुलडोजर से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है।

आरोप है कि सरकारी तालाब (जोहड़) की भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान बनाया गया था। गांव में कुल 42 मकान तालाब की भूमि पर अवैध रूप से बने हुए हैं। जिनमें सपा नेता का मकान पहला था, जिस पर कार्रवाई की गई।

इस घटना ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया। सपा कार्यकर्ताओं ने भारी विरोध प्रदर्शन किया, रास्ते अवरुद्ध किए और पुलिस के साथ नोंकझोंक की।

जिला प्रशासन को शिकायत मिली थी कि गांव के तालाब की सरकारी भूमि (खसरा संख्या 115, रकबा 0.0880 हेक्टेयर, श्रेणी छह-एक जोहड़) पर अय्यूब सिद्दीकी ने अवैध कब्जा कर मकान बना लिया है। राजस्व अभिलेखों में यह भूमि तालाब के रूप में दर्ज है।

निगरानी याचिका दायर की गई थी

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2014 में तत्कालीन तहसीलदार न्यायिक हापुड़ के आदेश से बेदखली और जुर्माने का आदेश जारी किया गया था। इसके विरुद्ध निगरानी याचिका दायर की गई, जिसे 27 अप्रैल 2015 को तत्कालीन जिलाधिकारी ने निरस्त कर दिया था।

इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया। दिसंबर 2025 में पहला नोटिस और फरवरी 2026 में दूसरा नोटिस जारी किया गया। नोटिसों में कब्जा हटाने को कहा गया, लेकिन सपा नेता की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।

बुधवार को सुबह नौ बजे अपर जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में राजस्व टीम और भारी पुलिस बल के साथ ध्वस्तीकरण शुरू किया गया। कार्रवाई सुबह 11 बजकर 50 मिनट तक पूरी कर ली गई।

विरोध प्रदर्शन और हंगामा

कार्रवाई की सूचना मिलते ही सपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने तैयारी कर ली। सुबह से ही गांव पहुंचने वाले सभी मार्गों को अवरुद्ध कर दिया गया। ट्रैक्टर-ट्राली, थ्रेसिंग मशीन और अन्य भारी वाहनों को रास्तों पर खड़ा कर दिया गया। दर्जनों सपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचकर धरने पर बैठ गए।

सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर चौहान, संजय गहलौत, पियूष बाल्मीकि, श्याम सुंदर भुर्जी, सीमा तनेजा, दीपिका, राजेश यादव सहित कई नेता मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और धरना दिया।

इस दौरान पुलिस ने जबरन कार्यकर्ताओं को हटाया। जिसके चलते धक्का-मुक्की और नोंकझोंक हुई। जिसके बाद भारी पुलिस बल की मदद से रास्ते साफ किए गए। सपा जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर समेत कई अन्य नेताओं को सुबह से ही उनके घरों में नजरबंद रखा गया था।

सपा नेता की पत्नी की तबीयत बिगड़ी

कार्रवाई के दौरान अय्यूब सिद्दीकी की पत्नी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह बेहोश हो गईं। जिसके बाद ने हंगामा किया। मौके पर पहले से तैनात एंबुलेंस से उन्हें तुरंत अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। भारी पुलिस बल और ड्रोन की निगरानी में कार्रवाई पूरी की गई। इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

सपाइयों ने लगाए गंभीर आरोप

समाजवादी पार्टी के नेताओं ने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताया है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास कोर्ट स्टे था, लेकिन प्रशासन ने जल्दबाजी में कार्रवाई कर दी।यह कार्रवाई सपा विरोधी नीति का हिस्सा है और निर्दोष लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। घटना के बाद सपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। पार्टी स्तर पर आगे की रणनीति पर विचार किया जा रहा है।

तालाब पर कब्जा होने की शिकायत के बाद जांच कराई गई। दो बार नोटिस जारी किए गए। नियमानुसार कार्रवाई की गई है। हाईकोर्ट के स्टे के संबंध में हमें कोई जानकारी नहीं है। बाकी अवैध कब्जों वाली भूमि को भी कब्जामुक्त कराया जाएगा। - संदीप कुमार, एडीएम

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।