सपा में हापुड़ जिलाध्यक्ष पद को लेकर मारामारी, दिल्ली से लखनऊ तक दौड़; रेस में 5 नाम सबसे आगे
हापुड़ में सपा जिलाध्यक्ष पद को लेकर नेताओं में होड़ मची है, क्योंकि Akhilesh Yadav ने पूरी जिला कार्यकारिणी भंग कर दी है। पांच प्रमुख नामों पर विचार चल रहा है, जिनमें पूर्व चेयरमैन और पूर्व जिलाध्यक्ष भी शामिल हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव। फाइल फोटो - सोशल मीडिया
HighLights
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने हापुड़ कार्यकारिणी भंग की।
जिलाध्यक्ष पद के लिए पांच प्रमुख नामों पर चर्चा।
गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में नेताओं के बीच मतभेद सामने आए।
ठाकुर डीपी आर्य, हापुड़। चुनावी तैयारियों के बीच सपा में जिलाध्यक्ष पद (SP District President Post) को लेकर मारामारी मची है। पुराने व अनुभवी सपा नेता जिलाध्यक्ष पद पाने को पूरजोर प्रयासरत हैं। दो दिन पहले सपा मुखिया अखिलेश यादव ने हापुड़ जिले की पूरी कार्यकारिणी को भंग कर दिया था।
अब जिलाध्यक्ष का दायित्व संभालने के लिए कार्यकर्ता दिल्ली से लखनऊ तक की दौड़ लगा रहे हैं। इस में पांच नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं। इसमें गढ़मुक्तेश्वर के पूर्व चेयरमैन सहित तीन पूर्व जिलाध्यक्ष भी शामिल हैं।
चुनावी साल में सपा सुप्रीमो जहां भाजपा को खुली चुनौती देते हुए चुनावी समर में विजय पताका फहराने की रणनीति के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
वहीं, हापुड़ के जिला संगठन और चुनाव की तैयारियों में लगे पार्टी नेताओं के बीच सामाजस्य नहीं बैठ पा रही थी। यों तो जिले की तीनों सीटों पर ही जिलाध्यक्ष के साथ मतभिन्नता की स्थिति थी, लेकिन सबसे ज्यादा खराब हालात गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा क्षेत्र में थे। यहां से मुख्य रूप से नैना गुर्जर और सुधीर चौहान चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
दोनों में टकराव की स्थिति
इसके साथ ही सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष बबलू प्रधान भी खुद को गढ़मुक्तेश्वर से प्रत्याशी के रूप में प्रस्तुत करते रहे हैं। ऐसे में नैना गुर्जर और बबलू प्रधान दोनों में टकराव की स्थिति थी। दोनों एक ही जाति से होने के साथ ही खुद को दमदार प्रत्याशी के रूप में प्रस्तुत कर रहे थे।
इसके चलते ही पिछले सप्ताह नैना गुर्जर के खिलाफ दो विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए। पार्टी सूत्रों के अनुसार इन वीडियो को जारी कराने के मामले में साजिश का आरोप लगाते हुए नैना गुर्जर ने अखिलेश यादव से मुलाकात की थी।
इसके तत्काल बाद जिला कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया। चर्चा है कि सुधीर चौहान की भी इस मामले में शिकायत हुई है। हालांकि, अभी हाईकमान से उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
अब जिलाध्यक्ष के लिए दर्जनभर वरिष्ठ व अनुभवी सपा नेता प्रयासरत हैं। इनमें सबसे आगे नाम गढ़मुक्तेश्वर के पूर्व पालिकाध्यक्ष सोना सिंह, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एडवोकेट मनोज कुमार, देवेंद्र जाखड़, असलम चौधरी और संजय यादव के नामों की जोरदार चर्चा है। माना जा रहा है कि इसी सप्ताह जिलाध्यक्ष का नाम का एलान कर दिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।