हापुड़ के 15 सरकारी स्कूलों को मिलेंगी नई इमारतें, शासन ने जारी किए करीब 2 करोड़ रुपये
हापुड़ के 15 परिषदीय स्कूलों के लिए राहत भरी खबर है, जहां जर्जर भवनों की समस्या के समाधान हेतु शासन ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
हापुड़ के 15 सरकारी स्कूलों को मिलेंगी नई इमारतें।
शासन ने करीब दो करोड़ रुपये की धनराशि जारी की।
बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षिक वातावरण मिलेगा।
संवाद सहयोगी, हापुड़। जिले के परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से जर्जर भवनों की समस्या झेल रहे रहे 15 सरकारी स्कूलों को अब नई इमारतें मिलेंगी।
शासन ने इनके निर्माण के लिए करीब दो करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है। बजट मिलने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने निर्माण प्रक्रिया शुरू कराने की कवायद तेज कर दी है। जल्द ही संबंधित स्थानों पर कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
जिले में विभिन्न स्थानों पर संचालित इन स्कूलों की पुरानी इमारतें काफी समय से खराब स्थिति में थीं। सुरक्षा को ध्यान में रख बेसिक शिक्षा विभाग ने पूर्व में जर्जर ढांचों को ध्वस्त करा दिया था।
इसके बाद बच्चों के पठन-पाठन के लिए उपलब्ध स्थान सीमित हो गया था। कहीं वैकल्पिक कक्षों में पढ़ाई कराई जा रही थी तो, कहीं बच्चों को बैठाने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था करनी पड़ रही थी।
वित्तिय स्वीकृति के बाद समाधान की उम्मीद
अब शासन से वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद इस समस्या का स्थायी समाधान होने जा रहा है। प्रस्तावित भवनों में बच्चों की संख्या और आवश्यकता के अनुरूप कक्ष बनाए जाएंगे। इससे शिक्षकों को भी शिक्षण कार्य कराने में सहूलियत मिलेगी। नए परिसर में बच्चों के बैठने के साथ ही शैक्षिक गतिविधियों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया जा सकेगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपा भाटी ने बताया कि नई इमारतें तैयार होने के बाद बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा और स्कूलों में स्थान की कमी से जुड़ी परेशानी भी दूर होगी। इससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
