विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ में दर्दनाक हादसा: हाइवे पर बाइक गिरते ही पीछे से आए वाहन ने मारी टक्कर, मां और 4 माह के बेटे की मौत

Published: Fri, 18 Sep 2026 09:10 PM (IST)

हापुड़ के बाबूगढ़ में बछलौता फ्लाईओवर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और उनके चार माह के बेटे ...और पढ़ें

HighLights

  1. हापुड़ के बाबूगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।

  2. मां और चार माह के बेटे की मौके पर मौत।

  3. पति और पांच वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल।

जागरण संवाददाता, हापुड़। बाबूगढ़ क्षेत्र में बछलौता फ्लाईओवर के पास नए हाईवे पर शुक्रवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भूसे से लदी गाड़ी से बचने के प्रयास में एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।

इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में महिला और उसके चार माह के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा पति और पांच वर्षीय बेटी घायल हो गए।

शबाना और चार माह के बेटे की दर्दनाक मौत

पुलिस के अनुसार, मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के तुमरिया कला गांव निवासी अकरम (40) शुक्रवार शाम करीब 5:50 बजे पत्नी शबाना (35), चार माह के बेटे अली हमजा और पांच वर्षीय बेटी जुबिया नूर के साथ मोटरसाइकिल से दिल्ली के जैतपुर जा रहे थे। अकरम वहां नौकरी करते हैं।

बताया गया कि बाबूगढ़ क्षेत्र में बछलौता फ्लाईओवर के पास नए हाईवे पर सामने चल रही भूसे की गाड़ी से बचने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में शबाना और उनके चार माह के बेटे अली हमजा की मौके पर ही मौत हो गई।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में जुटी पुलिस

हादसे में अकरम और उनकी पांच वर्षीय बेटी जुबिया नूर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, दोनों मृतकों के शवों को मोर्चरी भेजकर पंचायतनामा भरने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस हादसे में टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

यह भी पढ़ें- 4 किमी बचाने को जिंदगी से खिलवाड़, कौशांबी डिपो पर उल्टी दिशा में दौड़ रहीं रोडवेज बसें, हो सकता है बड़ा हादसा

यह भी पढ़ें- गोपालगंज: NH-27 पर अज्ञात गाड़ी ने ली 2 दोस्तों की जान, महावीरी अखाड़ा से लौटते समय हादसा