हापुड़ में दो भाइयों को अज्ञात वाहन ने रौंदा, छोटे भाई की मौके पर मौत; बड़ा अस्पताल में भर्ती
हापुड़ के धौलाना में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गाजियाबाद जा रहे दो सगे भाइयों में से 17 वर्षीय कामरान ...और पढ़ें

थाना धौलाना क्षेत्र के गांव पिपलैड़ा स्थित शाहजहां मस्जिद के पास सोमवार को हुए सड़क हादसे में 17 वर्षीय कामरान की मौके पर ही मौत हो गई। फाइल फोटो
HighLights
17 वर्षीय कामरान की मौके पर ही दर्दनाक मौत।
बड़ा भाई वसीम गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी।
जागरण संवाददाता, धौलाना (हापुड़)। थाना धौलाना क्षेत्र के गांव पिपलैड़ा स्थित शाहजहां मस्जिद के पास सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे कस्बे को गमगीन कर दिया। गाजियाबाद में एक परिचित की मौत में शामिल होने जा रहे दो सगे भाइयों को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 17 वर्षीय कामरान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई वसीम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
टक्कर के बाद दूर जा गिरे दोनों भाई
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों भाई बाइक से गाजियाबाद की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे पिपलैड़ा गांव में शाहजहां मस्जिद के पास पहुंचे, पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर दूर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दौड़कर उन्हें संभाला और पुलिस को सूचना दी।
परिवार को लगा गहरा सदमा
सूचना मिलते ही थाना धौलाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। गंभीर रूप से घायल वसीम को तत्काल न्यू लाइफ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसके सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसका इलाज जारी है। वहीं, चिकित्सकों ने कामरान को मृत घोषित कर दिया।
मृतक और घायल दोनों कस्बा धौलाना के छोटा मोहल्ला निवासी बताए गए हैं। हादसे की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मोहल्ले में भी शोक का माहौल है। जिस घर से दोनों भाई एक जनाजे में शामिल होने के लिए निकले थे, वहां कुछ ही देर बाद कामरान की मौत की खबर पहुंच गई, जिसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान कर जल्द चालक को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
