विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ में NH-9 पर महिंद्रा पिकअप ने सवारियों से भरे ऑटो को मारी टक्कर, एक की मौत और 6 लोग घायल

By Dhruv SharmaEdited By: Kapil Kumar
Published: Fri, 09 Oct 2026 09:26 AM (IST)

हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर सरूरपुर गांव के पास एक महिंद्रा पिकअप ने सवारियों से भरे ऑटो को ...और पढ़ें

सरूरपुर में कैंटर, बस, थ्रीव्हीलर और पिकअप की जोरदार टक्कर। AI जनरेटेड

सरूरपुर में कैंटर, बस, थ्रीव्हीलर और पिकअप की जोरदार टक्कर। AI जनरेटेड

HighLights

  1. गढ़मुक्तेश्वर में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।

  2. तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो को टक्कर मारी, एक की मौत।

  3. हादसे में छह यात्री गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।

ध्रुव शर्मा, गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़)। हापुड़ में गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। ग्राम सरूरपुर के पास एक तेज रफ्तार महिंद्रा पिकअप ने सवारियों से भरे ऑटो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में ऑटो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

अफरा-तफरी मच गई

सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

WhatsApp Image 2026-10-09 at 09.33.11

गंभीर हालत में मेरठ भेजा

जानकारी के अनुसार, एक ऑटो यात्रियों को लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। जैसे ही ऑटो राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर ग्राम सरूरपुर के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार महिंद्रा पिकअप ने ऑटो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो सड़क पर ही पलट गया।

ऑटो पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसा देखकर आसपास के ग्रामीण व राहगीर तुरंत मौके की ओर दौड़े और पुलिस को सूचना देते हुए राहत व बचाव कार्य शुरू किया।

WhatsApp Image 2026-10-09 at 09.33.11 (1)

गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद सिंभावली थाना क्षेत्र के ग्राम वैट निवासी याकूब को मृत घोषित कर दिया। याकूब की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं, हादसे में नयाबांस बक्तावरपुर निवासी महावीर राना, प्रेमपाल, ग्राम बढ़का नगला निवासी मुरशिद, साजिद, ग्राम वैट निवासी इकरार और इंतजार घायल हो गए हैं।

गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों और मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना का कारण बने वाहन व उसके चालक के खिलाफ जांच के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- रेवाड़ी में जयपुर-दिल्ली हाईवे पर दो ट्रालों की टक्कर, ड्राइवर की जलकर मौत